fire-broke-out-at-tr...
तीन दुकानों को आग ने चपेट में ले लिया, वाटर ट्रांसफर तकनीक से एक दूसरी गाड़ी में पानी भेजकर फायर फाइटर्स ने आग पर काबू पाया
इलाके की बिजली भी बंद करनी पड़ी, संकरी गली में काफी मशक्कत से आग बुझाई गई
जयपुर।
त्रिपोलिया बाजार में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात राजा उदयसिंह की हवेली में आग लग गई। हवेली के पीछे एक तंग गली में लगी आग से एक इलेक्ट्रिक सामान और दो बुक स्टोर खाक हो गए। देर रात फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां पहुंची। तंग गली होने की वजह से फायर ब्रिगेड घटना स्थल तक नहीं पहुंच पाई। आखिरकार पीछे की तरफ से गली के मुहाने पर गाड़ी खड़ी कर एक्सटेंशन पाइप जोड़कर फायर फाइटर्स आग से धधक रही दुकानों के बाहर तक पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया। आग से चारदीवारी एरिया के लोग दहशत में आ गए। त्रिपोलिया बाजार क्षेत्र में रहने वाले निवासी और यहां व्यापार करने वाले कई लोग जो बाहरी इलाकों में रहते हैं, वे भी रात को ही दौड़ते-भागते पहुंचे, हालांकि फायर फाइटर्स ने तब तक आग पर काबू पा लिया। छोटी चौपड़ के पास त्रिपोलिया बाजार में राज उदयसिंह की हवेली का छोटा सा दरवाजा है। इस पुराने दरवाजे से फायर ब्रिगेड अंदर नहीं घुस सकती। अंदर काफी दुकानें हैं। इनमें काॅपी-किताब, बिजली का समान बेचने वालों की तीन दुकानों को आग ने अपनी चपेट में ले लिया। इलाकी की बिजली काटनी पड़ी, ऐसे में अंधेरे में आग बुझाने में ज्यादा मशक्कत करनी पड़ी।
वाटर ट्रांसफर तकनीक से आग बुझाई गई। जहां आग लगी थी, वह गली काफी संकरी थी, उसमें फायर ब्रिगेड की एक छोटी गाड़ी अंदर भेजी गई, फिस उससे कुछ दूर दूसरी गाड़ी खड़ी कर उसका पानी की पाइप लाइन आगे वाली गाड़ी के वाटर टैंक में जोड़ा गया। इसके बाद बाहर त्रिपोलिया बाजार में तीसरी बड़ी गाड़ी खड़ी की गई। तीन गाड़ियों से पानी एक से दूसरी और दूसरी से तीसरी में ट्रांसफर किया गया तब जाकर अग्निकांड स्थल पर आग बुझाने के प्रयास में जुटी टीम को प्रेशर से पानी मिल पाया। देर रात फायर फाइटर्स करीब एक घंटे इसी मशक्कत में जुटे रहे। टीम ने बताया कि जिस गली में आग लगी वह काफी तंग थी, चार दीवारी एरिया में कई तंग गलियों में आग बुझाने में काफी दिक्कत आती है, दिन का समय हो तो परेशानी और बढ़ जाती है।