Thursday, 16 April 2026

Home / Crime /

laden-gang-caught-in...

विधानसभा का स्टीकर लगी स्कॉर्पियो में घूमता था 'लादेन'

कोटपूतली-बहरोड़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक के बाद एक आपराधिक वारदातों के बाद जागी पुलिस

News Image

पुलिस की गिरफ्त में बदमाशों की टोली और उनसे जब्त विधानसभा का स्टीकर लगी स्कार्पियो

कोटपूतली।

राजस्थान विधानसभा में विधायकों के लिए जारी होने वाले प्रवेश पत्र (स्टीकर) के दुरुपयोग का बड़ा मामला कोटपूतली-बहरोड़ जिले में पकड़ा गया। यहां पुलिस ने हाइवे पर एक प्लॉट पर जबरन कब्जा करने के चक्कर में बदमाशों की पूरी टोली पकड़ ली। विधानसभा का एंट्री पास लगी स्कॉर्पियो कुख्यात विक्रम उर्फ लादेन गैंग के अड्‌डे से पकड़ी गई। कोटपूतली-बहरोड़ में तीन-चार दिन से चल रही इस गुंडई की शिकायत आईजी जयपुर रेंज राघवेंद्र सुहासा तक पहुंच गई। आईजी ने एक्शन के डायरेक्शन दिए तो पुलिस हरकत में आई। लादेन गैंग से जुड़े 17 लोगों को पकड़कर उनके कब्जे से 6 गाड़ियां जब्त की हैं। वहीं से लावारिस खड़ी एक स्कॉर्पियो पर MLA राजस्थान विधानसभा का स्टीकर लगा मिला है। पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि गाड़ी किसके नाम की है, विधानसभा का स्टीकर लगाकर इसमें कौन घूम रहा था। कहीं लॉदेन गैंग पर किसी विधायक का हाथ तो नहीं?

नेता और उसका बेटा पाल रहे लादेन गैंग

कोटपूतली-बहरोड़ पुलिस की इस कार्रवाई के पीछे एक बड़ी कहानी निकलकर आई है। चर्चा है कि कोटपूतली का एक दबंग नेता इस लादेन गैंग को पाल रहा है। नेता की शह पर उसका बेटा आए दिन कोटपूतली में दबंगई करता फिरता है। कभी किसी को मारपीट करना, उठा ले जाना, पुलिस और सरकारी अधिकारियों पर दबाव बनाना, मारपीट तक कर देता इनका शगल बन चुका है। पिछले दिनों एक बिजली विभाग के अधिकारी पर हमला कर दिया। उसकी बुरी गत कर दी, बेचारे ने एफआईआर दर्ज कराई। कई दिन कार्रवाई नहीं हुई। मामले की जांच सीआईडी सीबी तक पहुंची तो अपराध प्रमाणित मानकर दो फाइलें एसपी ऑफिस भेज दी गई है। राजन दुष्यंत एसपी थे, तो पुलिस इनको दबोचने वाली ही थी कि उनका तबादला हो गया। पुलिस की हिम्मत कमजोर पड़ गई, अब जयपुर रेंज में सख्त मिजाज आईजी लगे हैं तो बदमाशों का गला सूखने लगा है, किसी दिन भी एक्शन हो सकता है।

विधानसभा का प्रवेश पत्र लगी स्कार्पियो लावारिस

पुलिस ने हाइवे किनारे एक प्लॉट पर जबरन कब्जा करने के इरादे से आधा दर्जन से अधिक गाड़ियाें में सवार होकर गुंडई करते फिर रहे विक्रम उर्फ लादेन गैंग के 17 लड़कों को पकड़ लिया।बहरोड़ सदर थाना इलाके में कार्रवाई की गई है। कुल 7 गाड़ियां मिली है, इनमें छह गाड़ियों के मालिक सामने आ गए बताए, लेकिन विधानसभा का पास लगी गाड़ी का मौके पर कोई मालिक नहीं बना। उस गाड़ी में कौन चलता था, इस बारे में दबी जुबान में लोग कह रहे हैं कि नेताजी का बेटा और लादेन इसी गाड़ी में सवार होकर टशन झाड़ते हैं, पुलिस ने दबिश दी तो नेता जी का बेटा पतली गली से भाग छूटा। पुलिस गाड़ी नंबर के आधार पर मालिक को नोटिस देगी।

विधानसभा का स्टीकर लगी कई गाड़ियां घूम रही

कोटपूतली -बहरोड़ में पुलिस को पता चला है कि विधानसभा का प्रवेश पत्र लगी जो स्कार्पियो पकड़ी गई, वह अकेली नहीं है इस तरह का स्टीकर लगी कई गाड़ियां दिन भर कोटपूतली में घूमती रहती हैं। विधानसभा का स्टीकर लगाकर नेता पुत्र और उसके गुर्गे दिन रात लोगों पर टशन झाड़ते फिरते हैं। पुलिस को मौके पर एक होटल से विधानसभा का स्टीकर लगी इस गाड़ी में सवार होकर आए लोगों के फुटेज भी मिल गई हैं। इस बार साक्ष्य पुख्ता बताए जा रहे हैं, दो मामलों में पहले अपराध प्रमाणित हैं, फाइल एसपी ऑफिस में धूल फांक रही थी, अब सब निकल गई हैं।




यह भी पढ़ें

लॉरेंस बिश्नोई के नाम की जैकेट बेचते कोटपूतली में 3 गिरफ्तार

×