Sunday, 2 August 2026

Home / Crime /

major-accident-avert...

दौसा रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन से गिर रही महिला को RPF ने बचाया

पानी भरकर लौटते समय ट्रेन पकड़ने की कोशिश में फिसला पैर

News Image

चलती ट्रेन से गिर रही महिला को RPF ने बचाया

दौसा रेलवे स्टेशन पर सोमवार शाम एक बड़ा रेल हादसा टल गया। बरेली-न्यू भुज एक्सप्रेस में चढ़ने के दौरान एक महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच गिर गई। मौके पर मौजूद आरपीएफ जवानों और यात्रियों की सूझबूझ से महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

ट्रेन में चढ़ते समय फिसला पैर 

आरपीएफ के अनुसार, उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले की रहने वाली गायत्री देवी (35) जय गुरुदेव सत्संग में शामिल होने के लिए जयपुर जा रही थीं। दौसा स्टेशन पर ट्रेन रुकने के दौरान वह पानी भरने के लिए नीचे उतरी थीं। इसी बीच ट्रेन चल पड़ी। एक हाथ में पानी की बोतल और दूसरे हाथ से हैंडल पकड़कर चढ़ने की कोशिश में उनका पैर फिसल गया।

घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ उप निरीक्षक उदयवीर सिंह और प्रधान आरक्षक कमलेश कुमार तुरंत मौके पर पहुंचे। इसी दौरान यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकवा दी। इसके बाद दोनों जवानों ने महिला को ट्रेन के नीचे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

खबरों की अविरल धारा

महिला के सिर और दाहिने कंधे पर चोट

घायल महिला को एंबुलेंस से दौसा के राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आगे की यात्रा के लिए रवाना कर दिया गया। हादसे के कारण बरेली-न्यू भुज एक्सप्रेस करीब 25 मिनट तक दौसा रेलवे स्टेशन पर रुकी रही। महिला के सिर और दाहिने कंधे पर चोट आई है, लेकिन वह फिलहाल खतरे से बाहर हैं।

यह भी पढ़ें
×