rahul-gandhi-arrived...
बोले- पहचान और जगह के आधार पर हिंसा चिंताजनक
राहुल गांधी
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को मणिपुर के दिवंगत संगीतकार चोंगथम विक्रम सिंह के श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें याद किया। उन्होंने कहा कि विक्रम को कथित तौर पर इसलिए निशाना बनाया गया क्योंकि वे मणिपुर से थे। राहुल ने कहा कि किसी युवा की हत्या अपने आप में बड़ी त्रासदी है, लेकिन किसी व्यक्ति की पहचान और उसके मूल स्थान के आधार पर हमला होना और भी चिंता की बात है। राहुल गांधी ने कहा कि इस घटना में हिंसा, नफरत और अहंकार साफ दिखाई देता है। उन्होंने उस सोच पर भी सवाल उठाया, जिसमें ताकतवर होने के आधार पर किसी व्यक्ति को हिंसा करने का अधिकार समझा जाता है। राहुल ने कहा कि ताकत के बल पर हिंसा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकती।
54 वर्षीय विक्रम सिंह की 6 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे दक्षिण दिल्ली के आश्रम इलाके में पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि वह तेज शोर और हंगामे की शिकायत करने गए थे, जिसके बाद डिलीवरी बॉय और ढाबा कर्मचारियों ने उन पर हमला किया। आरोपियों ने बिल्डिंग में तीन मंजिल तक उनका पीछा किया और लात-घूंसों से मारपीट की। पुलिस ने मामले में मंगलवार को 8 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है।