class-10-student-in-...
किराए की गाड़ी में तोड़फोड़ का आरोप लगाकर डराया
10वीं के छात्र से घर में करवाई चोरी
जयपुर में 16 वर्षीय 10वीं कक्षा के छात्र से उसके दोस्तों द्वारा घर में ज्वेलरी चोरी करवाने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पहले छात्र को किराए पर गाड़ी दी। गाड़ी लौटाने के बाद उस पर तोड़फोड़ का आरोप लगाकर हर्जाना देने का दबाव बनाया। पैसे नहीं होने पर उसे घर से ज्वेलरी लाने के लिए कहा गया। परिजनों की रिपोर्ट के अनुसार, आरोपियों ने छात्र को अपना मोबाइल फोन दिया और उसी पर बातचीत कर घर में चोरी करने के लिए दिशा-निर्देश दिए। छात्र ने अलमारी में रखी सोने की तीन सेट बालियां, हार, अंगूठी, नथ, पेंडल और चांदी का कड़ा व पायजेब चोरी कर आरोपियों को दे दिए।
आरोपी ज्वेलरी लेकर झोटवाड़ा इलाके के एक ज्वेलर के पास पहुंचे और उसे बेचकर पैसे ले लिए। इसके बाद छात्र को चुप रहने के लिए 5 हजार रुपए दिए गए। 6 सितंबर को परिजनों को छात्र के पास 5 हजार रुपए मिले। पूछताछ में उसने पहले रकम को दोस्त की बताया, लेकिन सख्ती से पूछने पर पूरी घटना सामने आ गई। इसके बाद पिता ने बुधवार को आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।