successful-rescue-of...
एक घंटे की मशक्कत के बाद वन विभाग ने सुरक्षित पकड़ा
रेस्क्यू मगरमच्छ
मोहनगढ़ क्षेत्र में इंदिरा गांधी नहर की आरएनडी (RND) माइनर में पिछले करीब एक महीने से भटक रहे लगभग 10 फीट लंबे मगरमच्छ को वन विभाग ने सुरक्षित पकड़ लिया। सोमवार रात शुरू हुए रेस्क्यू अभियान में टीम को करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान मगरमच्छ लगातार छटपटाता रहा और अपनी पूंछ से जोरदार वार करता रहा, लेकिन आखिरकार उसे सुरक्षित काबू में कर लिया गया। वन विभाग के अनुसार, माइनर में पानी का स्तर कम होने के कारण मगरमच्छ को पर्याप्त मछलियां नहीं मिल रही थीं। समय रहते रेस्क्यू नहीं किया जाता तो भूख और पानी की कमी से उसकी जान को खतरा हो सकता था। डीएफओ देवेंद्र सिंह ने बताया कि रविवार शाम खेतों में काम कर रहे किसानों ने माइनर के पास मगरमच्छ को देखा था। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने मगरमच्छ के पास जाने की बजाय तुरंत विभाग को सूचना दी और रेस्क्यू अभियान के दौरान टीम का सहयोग भी किया।