Thursday, 16 April 2026

Home / City /

schoolgirls-face-pro...

बस्सी में बेटियां की शिक्षा के रास्ते में बिखरा कीचड़

कीचड़ में लथपथ से रास्ता सिस्टम के गाल पर तमाचा है

News Image

इस रास्ते पर कैसे चलें सरकार!

जयपुर जिले के बस्सी नगर पालिका क्षेत्र में एनटीपीसी रोड से नसिया मंदिर वाली रोड इन दिनों कीचड़ के कारण लाचारी का रास्ता बन चुका है। बारिश के दिनों में यह मार्ग इतना बदहाल हो जाता है कि पैदल चलना तक जोखिम भरा हो जाता है। सबसे ज्यादा मार झेल रही हैं बस्सी की वे बेटियां जो इसी रास्ते से बालिका छात्रावास तक रोजाना आती-जाती हैं। बरसात में छात्रावास जाने का हर कदम डर से भरा होता है। फिसलन, गहरे गड्ढे, कपड़ों पर कीचड़, जूते हाथ में लेकर चलती छात्राएं। ये कोई तस्वीर नहीं, बल्कि रोज़ की सच्चाई है। कई बार छात्राएं गिर चुकी हैं, चोटिल हुई हैं, लेकिन उनकी आवाज अब तक कीचड़ में ही दबी हुई है। अभिभावकों का कहना है कि वे अपनी बेटियों को पढ़ने भेजते हैं, जोखिम उठाने नहीं। जब छात्रावास तक पहुंचने का रास्ता ही सुरक्षित नहीं है, तो शिक्षा की बात करना खोखला लगता है। इस सड़क पर एम्बुलेंस और जरूरी वाहन भी मुश्किल से पहुंच पाते हैं, जिससे हालात और डरावने हो जाते हैं।

एक ही मांग, सड़क बनाई जाए

स्थानीय लोगों की एक ही मांग है। सड़क बनाइए, ताकि बेटियां सुरक्षित चल सकें। अगर एनटीपीसी रोड से नसिया मंदिर रोड का निर्माण हो जाए, तो कीचड़ से निजात मिलेगी, हादसे रुकेंगे और छात्राओं को सम्मान के साथ आवागमन मिल सकेगा। अब सवाल सिर्फ एक सड़क का नहीं है। अब सवाल उठ रहे है क्या बस्सी की बेटियों की तकलीफ विकास की प्राथमिकता में कहीं है? क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है या फिर समय रहते इंसानियत जागेगी? राजगंगा नगर पालिका और स्थानीय प्रशासन से अपील करता है कि नगर पालिका मानवीय पहलू को देखते हुए सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता दें।

यह भी पढ़ें
×