Sunday, 2 August 2026

Home / State /

eight-police-personn...

अग्निकांड में आठ जान की कीमत, आठ पुलिसकर्मियों का निलंबन

पुलिस कमिश्नर ने थानाधिकारी समेत आठ पुलिस वाले सस्पेंड किए, एडिशनल कमिश्नर क्राइम को अग्निकांड की विस्तृत जांच, शहर में अवैध विस्फोटक सामग्री एवं पटाखा संग्रहण करने वालों की सघन जांच के दिये आदेश

News Image

खोहनागोरियान थाना इलाके में पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामला

जयपुर के खोहनागोरियान क्षेत्र में संचालित अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुई अग्निकांड को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए प्रारंभिक जांच में लापरवाही के लिए जिम्मेदार पाए गए पुलिस थानाधिकारी सहित आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने स्पष्ट संदेश दिया कि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।

पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि अंतरिम जांच रिपोर्ट के आधार पर थानाधिकारी खोहनागोरियान ओमप्रकाश मातवा सहित हेड कांस्टेबल अशोक, कांस्टेबल रामावतार, कांस्टेबल दिनेश, कांस्टेबल आसिफ, कांस्टेबल हरेन्द्र, कांस्टेबल अशोक को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही पुलिस उपायुक्त पूर्व रंजीता शर्मा द्वारा घटना के तुरंत बाद ASI अमर सिंह एवं हेड कांस्टेबल पप्पू राम को सस्पेंड किया है।

पुलिस आयुक्त मित्तल ने बताया कि घटना की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गहन जांच सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) अजय सिंह को जांच का दायित्व सौंपा गया है। उनके निर्देशन में एक जांच समिति का गठन किया गया है, जो घटना के सभी पहलुओं, संबंधित अधिकारियों की भूमिका तथा सुरक्षा मानकों के अनुपालन की विस्तृत जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों एवं अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जयपुर में चलेगा पटाखा सर्च ऑपरेशन

पुलिस कमिश्नर ने जयपुर शहर के सभी जिला पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध रूप से संचालित कारखानों, गोदामों, पटाखा भंडारण स्थलों एवं अन्य जोखिमपूर्ण गतिविधियों का विशेष सर्वे एवं निरीक्षण अभियान चलाया जाए। ऐसे प्रतिष्ठानों की पहचान कर उनकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाए तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

खबरों की अविरल धारा

डोर-टू-डोर सर्वे होगा

थाना स्तर पर बीट अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों के माध्यम से डोर-टू-डोर सर्वे कर अवैध रूप से संचालित विस्फोटक सामग्री एवं पटाखों के भंडारण स्थलों की पहचान की जाए। अभियान के दौरान अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को अभियान की प्रगति एवं की गई कार्रवाई की विस्तृत पालना रिपोर्ट निर्धारित अवधि में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुनरावृत्ति रोकना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता

इसके लिए सुरक्षा मानकों की नियमित समीक्षा एवं निगरानी की जाएगी। जयपुर पुलिस नागरिकों की सुरक्षा के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा सार्वजनिक जीवन एवं संपत्ति को खतरे में डालने वाली किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि जयपुर पुलिस द्वारा घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुधारात्मक एवं निवारक कदम उठाए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें

जयपुर में पटाखा फैक्ट्री में धमाका, 8 की मौत

×