two-foreign-men-and-...
पुलिस कमिश्नरेट की सीएसटी टीम ने पकड़ा, विदेशी छात्रा और उसकी
पुलिस गिरफ्त में आई विदेशी युवती शकीरा और उसका फ्रेंड मोहम्मद
जयपुर।
पिंकसिटी की फिजां में विदेशी नागरिक नशे का जहर घोल रहे हैं। ताजा मामला प्रतापनगर का है, एक प्राइवेट यूनिवर्सिटी में फार्मेसी की पढ़ाई के लिए एडमिशन लेकर विदेशी युवक अपनी महिला दोस्त के साथ किराए के कमरे में रह रहा था। दोनों मिलकर जयपुर में युवाओं को कोकीन और एमडी जैसे खतरनाक ड्रग्स बेचते थे। विदेशी युवती तंजानिया की है, उसने ड्रग्स के धंधे में अपना निक नेम शकीरा रखा हुआ है। उसका फ्रेंड इजिप्ट (मिस्र) का रहने वाला है। दोनों से कोकीन और एमडी ड्रग बरामद की गई है।
पुलिस कमिश्नरेट की सीएसटी टीम की सफलता
जयपुर पुलिस ने बताया कि कमिश्नरेट की सीएसटी (क्राइम ब्रांच) को प्राइवेट कॉलेज- यूनिवर्सिटीज में पढ़ने वाले विदेशी स्टूडेंट्स के ड्रग्स स्मगलिंग में शामल होने की सूचना मिली थी। इस पर निगरानी रखी जा रही थी। वीजीयू जगतपुरा में फार्मेसी में एडमिशन लेकर जयपुर में रह रहे इजिप्ट के एक छात्र और उसकी महिला मित्र को पकड़ा गया। उनके पास से अवैध मादक पदार्थ कोकीन 31.06 ग्राम, एम.डी. 5.6 ग्राम के साथ ही ड्रग्स बेचने से मिले 75 हजार रुपए की नकदी बरामद की गई है। पुलिस ने बताया कि विदेशी नागरिकों के कब्जे से प्राप्त मादक पदार्थ कोकिन एवं एम.डी. की कीमत इंटरनेशनल मार्केट में करीब 5 लाख रुपए आंकी गई है।
जयपुर के डीसीपी क्राइम अभिजीत सिंह के मार्गदर्शन में चलाये जा रहे ऑपरेशन "क्लीन स्वीप' के तहत जयपुर शहर में अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ कार्यवाही करने के लिए सज्जन सिंह, पुलिस निरीक्षक, प्रभारी, सीएसटी के नेतृत्व में एक टीम अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ पड़ताल में जुटी थी। इस टीम ने जयपुर ईस्ट के प्रताप नगर थाना इलाके से अवैध मादक पदार्थ तस्करी के आरोप में मोहम्मद पुत्र रेडा उम्र 24 साल, निवासी हाउस नंबर 2 ए, स्ट्रीट नंबर 452, कायरो सिटी, इजिप्ट व उसकी साथी मारग्रेट उर्फ शकीरा पुत्री निकोलस उम्र 31 साल, निवासी डार इस सलाम, तंजानिया को ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया गया है। ये दोनों जयपुर में मकान नंबर 52 ए, लाजपत नगर, जगतपुरा जयपुर में किराए से रह रहे थे।
दोनों की वीजा अवधि भी खत्म हो चुकी
ड्रग्स तस्करी में पकड़े गए दोनों से उनके पासपोर्ट व वीजा के बारे में जानकारी की गई तो मोहम्मद ने अपना पासपोर्ट पुलिस थाना रामनगरिया जयपुर में दर्ज प्रकरण में जब्त होना बताया तथा शकीरा ने अपना पासपोर्ट अपने परिचित के पास दिल्ली में होना बताया। दोनों ने वीजा अवधि समाप्त होना बताया। इनके खिलाफ पुलिस थाना प्रताप नगर जिला जयपुर पूर्व में एनडीपीएस और फोरेन एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। इनसे कोकिन एवं एमडी के प्राप्ति स्त्रोत के बारे मेंअनुसंधान जारी है।आरोपियों से 31.6 ग्राम कोकिन एवं 5.6 ग्राम एम.डी. जब्त की गई है।
फार्मेसी में एडमिशन, काम ड्रग्स की स्मगलिंग
आरोपी मूलतः विदेशी नागरिक हैं, जो वर्तमान में जयपुर में निवासरत है। मोहम्मद पुत्र रेडा ने विवेकानंद ग्लोबल यूनिवर्सिटी जयपुर में फार्मेसी में एडमिशन ले रखा है जो शिक्षा की आड़ में अवैध मादक पदार्थ कोकिन की तस्करी का काम करता है। इन्हें पकड़ने में सीएसटी से कांस्टेबल प्रदीप कुमार की अहम भूमिका रही। टीम में SI संदीप बसेरा, कांस्टेबल वेदवीर वे खेमचंद ने सहयोग किया।