Friday, 17 April 2026

Home / Crime /

kanodia-college-stud...

कनोडिया कॉलेज की छात्रा को सेंट्रल पार्क के बाहर रोडवेज ने कुचला

टू-व्हीलर पर किसी के पीछे बैठी थी छात्रा, रोडवेज बस से टकराकर सड़क पर गिरी और पिछे टायर के नीचे आकर मौत

News Image

मौके पर ही मौत, किसी ने स्कार्फ से ढक दी लाश, मौके पर टूव्हीलर फिसलने के निशान, बर्फखाना के पास चालक राडवेज खड़ी कर फरार हो गया

जयपुर।

सेंट्रल पार्क के गेट नंबर 4 के सामने सोमवार दोपहर एक रोडवेज बस की टक्कर से टूव्हीलर पर पीछे बैठी कनोडिया कॉलेज की छात्रा सड़क पर गिरी और बस के टायर से कुचल गई। मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। छात्रा जिस टू-व्हीलर पर थी, उसे कोई लड़का चला रहा था, हादसे के बाद वह मौके से टूव्हीलर और छात्रा का मोबाइल लेकर चला गया। रोडवेज बस को भी चालक दाैड़ा ले गया, लोगों ने पीछा किया, पुलिस को सूचना दी तो अलवर डिपो की रोडवेज बस को चालक बर्फखाना चौराहा आदर्श नगर के पास खड़ी कर फरार हो गया। पुलिस को उसका फोन नंबर मिल गया, संपर्क करने पर उसने बस की चाबी भेजने की बात कही और नंबर फिर स्विच ऑफ कर लिया। छात्रा आदर्श नगर इलाके की रहने वाली कनोडिका कॉलेज में एमए प्रथम वर्ष में पढ़ने वाली थी। उसके पिता नगर निगम के मालवीय नगर जोन में सहायक है। मामले में हैरान करने वाली बात यह है कि वह जिस टू-व्हीलर पर थी, उसका अभी पता नहीं चल पाया, क्योंकि उसे चला रहा लड़का मौेके से चलता बना। हो सकता है छात्रा ने बाइक टैक्सी बुक की हो, लेकिन यह तभी पता चलेगा, जब उसका मोबाइल मिले या कॉल डिटेल से मामले का खुलासा होगा कि वह कौन था, जो सड़क पर ही उसकी लाश छोड़कर फरार हो गया।

कनोडिया कॉलेज में पढ़ती थी छात्रा तन्वी

दुघर्टना अनुसंधान ईकाई जयपुर साउथ के पुलिसकर्मी राजेंद्र सिंह ने बताया कि एक्सीडेंट में मरने वाली छात्रा तन्वी (22) कनोडिया कॉलेज में एमए प्रथम वर्ष में पढ़ती थी। दुर्घटना की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तब तक लोग छात्रा का शव तो एसएमएस हॉस्पिटल ले जा चुके थे। डॉक्टरों ने उसे डेड डिक्लेयर कर दिया था। उसके पिता मनोज चांवरिया नगर निगम के मालवीय नगर जोन ऑफिस में सहायक बताए। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। एक्सीडेंट करने वाले वाहन का पता चल गया। राजस्थान रोडवेज के अलवर डिपो की बस नंबरRJ 02 PA 8919 से एक्सीडेंट हो गया। बस कब्जे में ले ली गई है।

मौके पर टू-व्हीलर स्किट और खून के निशान

दुर्घटना स्थल का अनुसंधान करने पहुंची पुलिस टीम को मौके पर टूव्हीलर स्किट होने से सड़क पर रगड़ के निशान और मौके पर छात्रा के खून के धब्बे मिले। इससे घटनास्थल की पहचान हुई। सामने ही सेंट्रल पार्क के गेट नंबर 4 का बस शेल्टर है। प्रत्यक्षदर्शियों ने मौके पर एक टूव्हीलर फिसलने और छात्रा की रोडवेज बस के पिछले टायर के नीचे आने से मौत की बात कही। किसी ने बस का नंबर भी नोट कर लिया था, कोई टू-व्हीलर वाला बस का पीछा कर रहा था, बस में सवार लोगों ने भी एक्सीडेंट के बाद चालक पर वाहन रोकने के लिए दबाव बनाया होगा।

अलवर डिपो की रोडवेज बस से एक्सीडेंट हुआ

इन सबके बाद पुलिस को पता चला कि जिस अलवर डिपो की रोडवेज बस से एक्सीडेंट हुआ, उसे चालक बर्फखाना चौराहा आदर्श नगर के पास सड़क किनारे खड़ी कर फरार हो गया। संभवत: मौके पर रोकने पर उसे पब्लिक के गुस्से का शिकार होने या बस में तोड़फोड़ या किसी तरह की सरकारी संपत्ति के नुकसान का अंदेशा रहा होगा। चालक से संपर्क हो गया है। अनुसंधान के लिए उसे तलब करने पर ही एक्सीडेंट की वास्तविक परिस्थितयां पता चलेंगी।

छात्रा किसके टू-व्हीलर पर सवार थी?

इस दुर्घटना में बड़ा सवाल यह है कि छात्रा तन्वी आदर्श नगर से कनोडिया कॉलेज गई थी, फिर वह सेंट्रल पार्क के गेट के सामने कैसे पहुंच गई। वह एक्सीडेंट के बाद तन्वी को संभालने, अस्पताल पहुंचाने, घर वालों को सूचना देने के बजाया उलटा तन्वी का मोबाइल लेकर टू-व्हीलर समेत फरार क्यों हो गया । उसके मोबाइल लेकर फरार क्यो हो गया। क्या वह कोई परिचित था, कैब सर्विस वाला कोई राइडर था, या फिर कुछ और मामला है, इसका पुलिस अनुसंधान कर रही है। कैब वाला होगा तो तन्वी के मोबाइल की कॉल डिटेल से पता चल जाएगा। घटना स्थल के पास से कुछ सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी पुलिस ने लिए हैं, जिनमें फिलहाल टू-व्हीलर नजर नहीं आया और एक्सीडेंट स्थल की तरफ का कोई फुटेज भी नहीं मिला, लेकिन अन्य कैमरों की डिटेल ली जा रही है।


क्राइम सीन

मृतका का नाम: तन्वी चांवरिया 22 वर्ष

दुर्घटना स्थल: सेंट्रल पार्क, पृथ्वीराज रोड

हादसे का दिन दिनांक: 10 नवंबर 2025 दोपहर

अहम बात: छात्रा का मोबाइल नहीं मिला, बैग में टैबलेट मिल गया







यह भी पढ़ें

हरमाड़ा हादसे में 14वीं मौत, हाइवे पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन

×