chief-minister-bhaja...
इस बार कोई चूक नहीं हो, सीएम और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष कई मंत्रियों, नेता और अफसरों काे लेकर रिफाईनरी के चप्पे-चप्पे की विजिट करने पहुंचे
पीएम मोदी 4 जुलाई को आ रहे पचपदरा रिफाइनरी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 4 जुलाई को प्रस्तावित पचपदरा रिफाइनरी (बालोतरा)दौरे को लेकर राजस्थान की सरकार की सांसें ऊपर-नीचे हो रही हैं। इससे पहले की 21 अप्रैल को पीएम मोदी को पचपदरा आना था, तब एक दिन पहले रिफाइनरी में आग लग गई थी। पीएम का दौरा टल गया था। इस बार सरकार पहले की तरह कोई विध्न नहीं हो, इसको लेकर पूरी तैयारी कर रही है। सीएम भजनलाल शर्मा ने रविवार को बालोतरा की पचपदरा रिफाइनरी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने रिफाइनरी परिसर और कार्यक्रम स्थल का अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। साथ ही मां आशापुरा देवी के मंदिर में भी धोक लगाई। पिछली बार रिफाइनरी में आग को लेकर एक अलग ही बात चल पड़ी थी कि कि देवी को न्यौता नहीं दिया, इसलिए हादसा हो गया।
मुख्यमंत्री ने रिफाइनरी का निरीक्षण किया
मुख्यमंत्री ने रिफाइनरी की क्रूड डिजिटेशन यूनिट, रिफाइनरी मेन कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने उन्हें रिफाइनरी की कार्यप्रणाली और यहां से तैयार होने वाले विभिन्न सह-उत्पादों के सैंपल दिखाकर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने तकनीकी व्यवस्थाओं और संचालन संबंधी पहलुओं की भी जानकारी ली। साथ ही, जनसभा स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के लिए निर्देश दिए।
आयोजन स्थल पर अधिकारियों की ली बैठक
मुख्यमंत्री ने रिफाइनरी का निरीक्षण कर आयोजन स्थल पर प्रधानमंत्री की प्रस्तावित यात्रा की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक भी ली। उन्होंने आयोजन स्थल के ले- आउट सहित अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को सुरक्षा के विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्मी को देखते हुए जनसभा में आमजन के लिए पेयजल, बैठने की व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए, साथ ही यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग आपस में समन्वय कर पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करें। इस दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर प्रस्तुतीकरण भी दिया।
इस दौरान पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत, उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री के.के. विश्नोई, सांसद मदन राठौड़, विधायक हमीर सिंह भायल, डॉ अरुण चौधरी, आदूराम मेघवाल सहित जनप्रतिनिधिगण, एचपीसीएल, एचआरआरएल, जिला प्रशासन व संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।