Sunday, 2 August 2026

Home / Crime /

shocking-incident-in...

एक्सीडेंट में लडके की मौत हुई तो उसकी दोस्त ने भी दे दी जान

जयपुर के जवाहर नगर थाना इलाके का मामला, गेस्ट हाउस में रहती थी बाड़मेर की छात्रा, दोस्त की मौत से दुखी थी, फंदे से झूलती मिली

News Image

एक्सीडेंट और खुदकुशी दोनों जयपुर में हुई

जयपुर। जवाहर नगर थाना इलाके में शनिवार शाम गेस्ट हाउस के कमरे में एक 19 वर्षीय छात्रा फंदे से लटकी मिली। छात्रा बाड़मेर की रहने वाली थी और जयपुर में पढ़ती थी। पहले हॉस्टल में रहती बताई। हाल ही में गेस्ट हाउस में शिफ्ट हुई थी। उसकी एक लड़के से दोस्ती थी। लड़के की रोड एक्सीडेंट में मौत हो गई, जिससे वह काफी आहत थी। उसके अंतिम संस्कार लड़के के गांव भी जाकर आई थी। वहां से आने के बाद से वह लगातार रो रही थी। सहेली भी साथ गई थी, काफी समझाया, लेकिन वह काफी व्यथित थी। सहेली थाेड़ी देर के लिए बाहर गई और उसने खुदकुशी कर ली।

गेस्ट हाउस में कर ली खुदकुशी

जवाहर नगर सिंधी कॉलोनी में जैन हॉस्पिटल के पास स्थित गेस्ट हाउस में बाड़मेर की लड़की किराए से रहती थी। उसकी खुदकुशी की सूचना मिली। जवाहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गेस्ट हाउस का कमरा खुला था, लड़की अंदर फंदे पर लटकी थी। गेस्ट हाउस संचालक और लड़की की एक सहेली मौके पर थी। पुलिस ने शव को उतरवाकर सवाई मानसिंह अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया है। गेस्ट हाउस के कमरों के गेट पासवर्ड वाले लॉक लगे हैं। ऐसे में लड़की की सहेली को पासवर्ड मालूम था। उसी ने गेट खोला तो लड़की फंदे पर लटकी मिली। पुलिस ने बाड़मेर में लड़की के परिजनों को सूचना दी है। पता चला कि उसके पिता की मौत हो चुकी है। मां को पता था कि बेटी की एक लड़के से दोस्ती है।

सड़क हादसे में मौत से आहत थी

पुलिस ने लड़की की सहेली से बातचीत की तो पता चला कि उसकी हर्ष नामके एक लड़के से दोस्ती थी। शुक्रवार की रात हर्ष की जयपुर के ही हसनपुरा इलाके में थार गाड़ी एक्सीडेंट में मौत हो गई थी। जिससे लड़की आहत थी। शुक्रवार को ही उसके गांव अंतिम संस्कार में शामिल होने गई थी। सहेली भी साथ थी। वहां से लौटने पर भी वह काफी दुखी थी और हर्ष को याद करके रोए जा रही थी। सहेली कुछ दूर किराए से कमरा लेकर रहती है। उनकी मुलाकात भी 10 दिन पुरानी ही है। सहेली उसका मन बहलाने के लिए अपना डॉगी लाने चली गई। डॉगी लेकर लौटी और पासवर्ड से कमरे का गेट खोला तो वह अंदर फंदे पर लटकी मिली।

खबरों की अविरल धारा

आधी रात थार डिवाइडर से टकराकर मौत

मृतका लड़की की सहेली ने जिस दोस्त की मौत के बारे में बताया वह शाहपुरा जयपुर ग्रामीण का रहने वाला हर्ष यादव (20) था। उसके पास थार गाड़ी थी। शुक्रवार की रात वह अपने एक दोस्त के साथ हसनपुरा में डिवाइडर से टकरा गया था। गाड़ी के सेफ्टी बैलून खुल गए, फिर भी उसकी मौत हो गई। सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया था। हर्ष शाहपुरा के घासीपुरा गांव का रहने वाला था। उसकी मौत वाले हादसे में उसके साथ गाड़ी में सवार एक अन्य लड़के को भी चोट लगी, मामले में लापरवाही से वाहन चलाकर एक्सीडेंट करने की एफआईआर जयपुर के सदर थाने में दर्ज कराई है। उसकी गाड़ी बनीपार्क थाने में जब्त खड़ी है।

लड़का और एक लड़की की मौत से सब हैरान

जवाहर नगर में लड़की की मौत की सूचना पर पहुंची पुलिस को उसकी सहेली ने शाहपुरा के रहने वाले हर्ष की मौत की जानकारी दी। हर्ष की मौत के बारे में सोशल मीडिया पर सर्च किया तो उसका शोक संदेश मिला। जानकारी की तो सामने आया कि घासीपुरा के योगेश के बेटे हर्ष जयपुर के हसनपुरा में एक्सीडेंट में मौत हुई थी। हसनपुरा में एक्सीडेंट के बारे में सदर थानाधिकारी से पूछा तो उन्होंने बताया थार गाड़ी से एक्सीडेंट में एक लड़की की मौत हुई थी। जांच रामावतार ASI कर रहे हैं। रामावतार एएसआई से पूछा तो उन्होंने एक्सीडेंट वाली घटना बताई। ऐसे दोनों घटनाओं का कनेक्शन जुड़ा।

यह भी पढ़ें
×