Friday, 17 April 2026

Home / Crime /

rajasthan-police-con...

राजस्थान पुलिस का नया मिशन, बनें छात्राएं आत्मनिर्भर

अंतर्राष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन दिवस पर आत्मरक्षा का प्रशिक्षण

News Image

डॉ. बी. लाल इंस्टीट्यूट ऑफ बायोटेक्नोलॉजी में पुलिस की विशेषज्ञ टीम ने सिखाए व्यावहारिक गुर

जयपुर।

राजस्थान पुलिस की टीम ने जयपुर स्थित डॉ. बी. लाल इंस्टीट्यूट ऑफ बायोटेक्नोलॉजी में मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन दिवस के अवसर पर छात्राओं के लिए एक विशेष आत्मरक्षा कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में लगभग 200 छात्राओं और फैकल्टी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिसका मुख्य उद्देश्य उन्हें आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास के साथ सुरक्षित रहने के लिए तैयार करना था। पूरे सत्र को छात्राओं के लिए अत्यंत सार्थक और सशक्तिकरण से परिपूर्ण बताया गया।

    यह महत्वपूर्ण कार्यशाला पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक सिविल राइट्स एवं कम्युनिटी पुलिसिंग लता मनोज कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। सत्र का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कम्युनिटी पुलिसिंग सुनीता मीणा और उनकी प्रशिक्षित टीम ने किया।  टीम ने प्रतिभागियों को आत्मरक्षा की सरल, उपयोगी और परिस्थितियों के अनुरूप तकनीकों का गहन अभ्यास कराया, जिससे वे आपातकालीन स्थितियों का सामना करने में सक्षम हो सकें।

क्राइम कंट्रोल में हेल्पफुल ऐप्स के बारे में बताया

प्रशिक्षण के साथ-साथ प्रतिभागियों को सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण ऑनलाइन और हेल्पलाइन संसाधनों की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई। इनमें ceir.gov.in (खोए/चोरी हुए मोबाइल फोन की रिपोर्टिंग), RajCop Citizen App (नागरिक हितैषी पुलिस सेवाओं तक आसान पहुँच) और राष्ट्रव्यापी महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 शामिल हैं। इन संसाधनों की जानकारी ने छात्राओं को यह एहसास कराया कि उनकी सुरक्षा के लिए पुलिस हमेशा तत्पर है।

भविष्य में भी जारी रहेगा यह प्रयास 

संस्थान परिवार ने छात्राओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के इस महत्वपूर्ण प्रयास के लिए सुनीता मीणा और उनकी टीम के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। प्रबंधन ने उम्मीद जताई है कि छात्राओं को सतर्क और आत्मविश्वासी बनाने वाले इस तरह के उपयोगी जागरूकता और प्रशिक्षण कार्यक्रम भविष्य में भी नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे।

यह भी पढ़ें
×