placement-agency-ope...
ACB ने 40 हजार रुपए के साथ दबोचा
UAN नंबर, PF और ESI सेवा से लिंक करने के बदले मांगी रिश्वत
राजस्थान एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने जयपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक प्लेसमेंट एजेंसी संचालक को 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अनिल कुमार के रूप में हुई है, जो डायनेमिक मैनपावर एंड सिक्योरिटी सर्विसेज नाम की प्लेसमेंट एजेंसी का संचालक है।
ACB के महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि आरोपी ने एक संविदाकर्मी का UAN नंबर, PF और ESI सेवा से लिंक करने के बदले रिश्वत की मांग की थी। परिवादी ने इसकी शिकायत ACB से की थी, जिसके बाद टीम ने मामले की जांच शुरु की।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी पहले भी 5 हजार रुपए ले चुका था और बाकी रकम एक साथ देने का दबाव बना रहा था। शिकायत सही पाए जाने पर ACB की टीम ने जाल बिछाया और आरोपी को 40 हजार रुपए लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
बताया जा रहा है कि परिवादी को आयुष्मान आरोग्य मंदिर, गरुड़वासी-चाकसू में संविदा पर नियुक्त किया गया था। आरोपी की एजेंसी को स्वास्थ्य विभाग से डॉक्टर, ANM, GNM और सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति का ठेका मिला हुआ था।
यह कार्रवाई ACB की एसयू-प्रथम चौकी जयपुर ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत कौशिक के नेतृत्व में की। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें