opposing-the-sale-of...
महिला का हाथ फ्रैक्चर, पति गंभीर घायल
अलवर जिला अस्पताल में भर्ती घायल पति
अलवर जिले के बगड़ तिराहा थाना क्षेत्र के बहाला गांव में कच्ची शराब बेचने का विरोध करना एक दंपति को भारी पड़ गया। आरोप है कि विरोध करने पर कुछ लोगों ने पति-पत्नी पर लाठी और लोहे के सरियों से हमला कर दिया। घटना में महिला का हाथ फ्रैक्चर हो गया, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पीड़ित प्रवीण जाटव के अनुसार, वह शुक्रवार रात गांव में बिजली ठीक करने गया था। इसी दौरान उसने पड़ोसी को सार्वजनिक स्थान पर अवैध कच्ची शराब बेचते देखा और इसका विरोध किया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने अपने परिजनों के साथ मिलकर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची पत्नी मानबाई भी हमले में घायल हो गई। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। बगड़ तिराहा थाना पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।