Wednesday, 16 September 2026

Home / Crime /

major-crackdown-by-b...

काली स्कार्पियों में गांजा भरकर तस्करी करने निकला था भौंडसी जेल से छूटा बंदी

भिवाड़ी पुलिस की नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, 15.070 किलोग्राम गांजा, एक काली स्कॉर्पियो और मोबाइल फोन बरामद

News Image

पुलिस ने नाकाबंदी कर पकड़ा

भिवाड़ी। हरियाणा की भौंडसी जेल में बंद रहने के दौरान बनाई गई कथित तस्करी की प्लानिंग को जेल से बाहर आने के बाद अंजाम देने का मामला सामने आया है। भिवाड़ी पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर ओडिशा से सस्ते दामों पर गांजा खरीदकर दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान में महंगे दामों पर बेचने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 15.070 किलोग्राम गांजा, एक काली स्कॉर्पियो और मोबाइल फोन बरामद किया है। भिवाड़ी पुलिस की इस कार्रवाई को अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस टीम ने आरोपी के पास से गांजा, स्कॉर्पियो और मोबाइल जब्त कर लिया है, जबकि मामले की आगे की जांच जारी है।

रोड पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रुकवाया

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवि पुत्र संतराम गुर्जर (40) निवासी नाथूपुर, थाना डीएलएफ फेज-3, गुरुग्राम के रूप में हुई है। पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति काली स्कॉर्पियो में खिजूरीवास टोल की ओर से भिवाड़ी बाईपास की तरफ आ रहा है और उसके पास अवैध मादक पदार्थ होने की संभावना है। सूचना पर पुलिस ने जेनेसिस मॉल के सामने रोड पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रुकवाया। तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो की बीच वाली सीट से खाकी टेप से पैक किए गए 15 पैकेट मिले, जिनमें गांजा बरामद हुआ।

जांच के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि वह पहले एक मारपीट के मामले में हरियाणा की भौंडसी जेल में बंद था। जेल में उसकी दोस्ती दूसरे बंदी संजय कुमार से हुई। इसी दौरान कथित रूप से यह प्लानिंग बनाई गई कि ओडिशा में गांजा सस्ते दामों पर उपलब्ध होता है, जबकि दिल्ली और गुरुग्राम क्षेत्र में इसे कहीं अधिक कीमत पर बेचा जा सकता है। आरोपी के अनुसार, जेल से बाहर आने के बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर इस प्लान को आगे बढ़ाया।

ओडिशा के बलांगीर पहुंचकर करीब 30 किलो गांजा खरीदा

खबरों की अविरल धारा

पुलिस के अनुसार आरोपी और उसके साथियों ने 17 अगस्त को ओडिशा के बलांगीर पहुंचकर करीब 30 किलो गांजा खरीदा था। इसके बाद कथित तौर पर अलग-अलग स्थानों पर इसकी बिक्री शुरू की गई। आरोपी रवि भिवाड़ी में भी ग्राहक तलाशने पहुंचा था, जहां पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने मामले में एफआईआर नंबर 392/26 दर्ज कर धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू की है।

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी और उसके साथियों से पूछताछ में अवैध मादक पदार्थों के नेटवर्क से जुड़े और बड़े खुलासे हो सकते हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का एक आपराधिक रिकॉर्ड है। अब पुलिस तस्करी में शामिल अन्य आरोपियों, गांजा सप्लाई करने वाले स्रोतों और संभावित खरीदारों तक पहुंचने के लिए मोबाइल फोन, संपर्कों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है।


यह भी पढ़ें
×