in-didwana-kuchaman-...
सड़क पर लाश मिली तो घर वाले एक्सीडेंट समझते रहे , पुलिस को लाश देखते ही घावों की र्शापनेस से संदेह हो गया
पत्नी, प्रेमी और उसका दोस्त हत्या के आरोप में गिरफ्तार
एक और पत्नी ने अपने लव अफेयर के चक्कर में पति की जान ले ली। इस बार मामला राजस्थान के डीडवाना-कुचामन जिले का है। 28 नवंबर को गच्छीपुरा थाना इलाके के दादरवालों की ढाणी (ईटावा लाखा) में सड़क पर लहूलुहान मिले सुरेंद्र दादरवाल उर्फ सुरेश (25) को परिजन मृत अवस्था में ही अस्पताल लेकर पहुंचे थे। परिवार के लोग मान रहे थे कि रोड एक्सीडेंट में उसकी मौत हो गई, लेकिन इसी मामले में डॉक्टर और पुलिस की एंट्री हो गई। डॉक्टरों ने पुलिस बुला ली और बताया कि उनको डेडबॉडी देखकर मामला संदेहास्पद लगता है। हालांकि परिजनों ने एक्सीडेंट की तहरीर लिखकर दी तो पुलिस ने दुर्घटना में ही मामला दर्ज कर लिया, लेकिन हत्या का संदेह मानते हुए अपनी जांच-पड़ताल शुरू कर दी। आखिर में मामला हत्या का ही निकला। सुरेंद्र की हत्या उसी की पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके दोस्त के जरिए कराई थी। दोनों ने सुनसान सड़क पर बाइक से जाते हुए सुरेंद्र को रुकवाया और धोखे से उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। फिर उसे बाइक समेत सड़क पर गिराकर फरार हो गए। पुलिस थाना गच्छीपुरा डीडवाना कुचामन की पुलिस ने सुरेंद्र दादरवाल की मौत मामल ने शनिवार 6 दिसंबर को हत्या में खुलासा करते हुए मृतक सुरेंद्र की पत्नी रेखा, उसके प्रेमी राजू राम और राजू के दोस्त जीवण राम को गिरफ्तार कर लिया।
डेडबॉडी पर शार्प घाव देखकर हुआ संदेह
पुलिस और पोस्टमार्टम करने वाली मेडिकल टीम को डेड बॉडी पर धारदार हथियारों से गला रेत दिए जाने और पीठ पर एक चाकू के हमले जैसा जख्म मिला। संदेह गहराता गया, पड़ताल शुरू की गई, सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो पता चला उसका पीछा किया जा रहा था। जो बाइक पीछा कर रही थी, उसका नंबर भी फर्जी निकला, तो संदेह और गहरा गया। पुलिस ने बाइक सवारों की पहचान के प्रयास किए, लेकिन उनके पास बाइक चोरी की थी, नंबर प्लेट बदली हुई थी और चेहरों पर मास्क लगा रखे थे। शुरुआती एक दो दिन पुलिस नाकाम रही।
पति की मौत और पत्नी के हावभाव में कोई दु:ख नहीं
पुलिस को पता चला कि मृतक सुरेंद्र शादीशुदा है और उसकी पत्नी रेखा यूं तो अपनी पीहर कुचामन में रहती थी, लेकिन आजकल महाराष्ट्र के नागपुर में पिता के पास ही रह रही है। शादी के बाद से एक दो बार किसी आयोजन को छोड़कर पीहर नहीं आई थी। पता चला वह सरकार नौकरी के लिए कुचामन में कोचिंग करती थी। उसके पिता नागपुर में मार्बल का काम करते हैं, हालांकि हत्या वाले दिन वह नागपुर थी। पति की मौत की सूचना पर दुख प्रकट करने पिता के साथ ही फ्लाइट से आई है। किसी ने बताया कि पति की मौत के बावजूद उसके हाथभाव ऐसे लग रहे हैं जैसे उसे कोई दुख नहीं। इस पर पुलिस ने किसी से सुरेंद्र की पत्नी रेखा का मोबाइल नंबर लेकर उसे अनुसंधान में लिया। कॉल डिटेल व सोशल मीडिया खंगाला। इस पर पिछले कुछ दिनों में कुचामन के एक मोबाइल नंबर पर रेखा की बातचीत होने के साक्ष्य मिले। जिस नंबर पर बात होती थी, पुलिस ने उसे टटोला तो कड़ी जुड गई। नंबर उसके कथित प्रेमी का निकला। पुलिस ने प्रेमी को उठाया और तुड़ाई की तो उसने सब उगल दिया।
इंटरनेट कॉल के जरिए प्रेमी को पति की हत्या का टास्क
रेखा जब कुचामन में कोचिंग करती थी, तो उसकी राजूराम से नजदीकियां हो गई थी। कोचिंग में प्यार परवान चढ़ गया और दोनों शादी के सपने देखने लगे। समस्य थी कि रेखा की बचपन में ही शादी हाे रखी थी। पति सुरेंद्र भी पढ़ा-लिखा और अच्छा लड़का था। रेखा पिछले दिनों पिता के पास नागपुर चली गई तो प्रेमी से मिलना नहीं हो पा रहा था। व्हाट्सएप कॉल पर दोनों बात करते थे, पर मिलना नहीं हो पा रहा था। दूरी ने साजिश को जन्म दिया। नागपुर से ही रेखा ने प्रेमी राजू को पति सुरेंद्र की फोटो भेजकर रास्ते से हटाने का टास्क दे दिया। दोनों का शादी कर लेने का प्लान था।
SHO महावीर सिंह खुद हॉस्पिटल पहुंचे थे
बाइक के पीछे-पीछे ट्रेक्टर में आ रहे सुरेंद्र के परिवार वालों ने उसे सड़क पर लहूलुहान हालत में पड़े देखा तो सोचा एक्सीडेंट हो गया। सीएचसी गच्छीपुरा लेकर पहुंचे। डॉक्टरों को बताया कि एक्सीडेंट हो गया, लेकिन डॉक्टरों को चोट देखकर संदेह हो गया। गच्छीपुरा थाना इंचार्ज महावीर सिंह को सूचना दी। महावीर सिंह खुद हॉस्पिटल पहुंचे। घर वाले एक्सीडेंट बता रहे थे, तो पुलिस ने शुरुआत में एक्सीडेंट की रिपोर्ट दर्ज की, लेकिन हत्या के एंगल से जांच करते हुए आठ दिन में सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए सुरेंद्र की पत्नी रेखा, उसके प्रेमी राजूराम और उसके दोस्त जीवणराम जाट निवासी चितावा, डीडवाना-कुचामन को गिरफ्तार कर लिया। जिस चाकू से हत्या की गई, वह महत्वपूर्ण साक्ष्य है। पूछताछ में पता चला कि धारदार चाकू कुछ दिन पहले ही डीमार्ट से खरीदा था। ऐसे में पुलिस डी-मार्ट से भी हत्या के आरोप में पकड़े गए राजू और उसके दोस्त के फुटेज लेगी।
कोचिंग के दौरान बढ़ गई थी नजदीकियां
रेखा के पिता तो नागपुर रहते है, वह कुचामन में ही मां व अन्य परिवारजनों के साथ रहती थी। पुलिस को पता चला कि उसकी वर्ष 2018 में शादी सुरेंद्र के साथ कर दी थी। तब वह छोटी थी। शादी के बाद भी पीहर में ही रहती थी। पढ़ाई की, फिर नौकरी के इरादे से कोचिंग करने लगी। कोचिंग के दौरान साथ पढ़ने वाले राजूराम से नजदीकियां बढ़ गई। करीब दो साल से वे एक दूसरे से शादी करना चाहते थे, लेकिन रेखा का शादीशुदा होना इसमें रोडा बन रहा था। रेखा के पिता महाराष्ट्र में मार्बल का काम करते हैं, ऐसे में वह पिछले कुछ माह से पिता के पास महाराष्ट्र चली गई थी। वहीं से उसने इंटरनेट कॉलिंग पर राजूराम से बात करते हुए सुरेंद्र को रास्ते से हटाने के लिए दबाव बनाया। राजूराम ने इस कृत्य में अपने दोस्त और साथ ही कोचिंग कर चुके जीवणराम को जघन्य हत्या के लिए तैयार किया।
यह भी पढ़ें