gangster-abhishek-al...
25,000 का ईनामी गैंगस्टर अभिषेक उर्फ बटार अवैध हथियारों के साथ पकड़ा गया, कोटपूतली बहरोड़ पुलिस की बड़ी कामयाबी
पुलिस शूटर को महिला के वेश में ही गिरफ्तार कर थाने ले आई
जयपुर।
लोगों को धमकी देकर रंगदारी वसूलने और नहीं देने पर बेखौफ गोली मार देने वाले बदमाशों की जब उलटी गिनती शुरु हुई तो बचने के लिए घाघरा लूगड़ी पहनकर भागने जैसी नौबत आ जाती है। मंगलवार को बहरोड़ में ऐसा ही हुआ, एक कुख्यात बदमाश पुलिस को गच्चा देने के लिए घाघरा लूगड़ी पहनकर भाग रहा था, पुलिस उसे पहचान गई। कोटपूतली बहरोड पुलिस ने ₹25,000 के ईनामी और रोहित गोदारा गैंग के सक्रिय शूटर अभिषेक उर्फ बटार को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी देवेंद्र बिश्नोई ने बताया कि कोटपूतली थाने के एक गंभीर मामले में वांछित यह कुख्यात अपराधी गिरफ्तारी के डर से वेष बदलकर बहरोड़ में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। पुलिस की क्यूआरटी टीमों ने आसूचना संकलन के आधार पर सटीक कार्रवाई की। पुलिस उसके ठिकाने पर पहुंची तो अपराधी पुलिस से बचने के लिए ग्रामीण महिला का वेष घाघरा-लूगड़ी धारण कर भागने की कोशिश कर रहा था।
गिरफ्तारी के समय पुलिस ने अभिषेक उर्फ बटार के कब्जे से 3 देशी पिस्टल, 12 ज़िंदा कारतूस और एक अतिरिक्त मैगजीन सहित भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किए हैं।
एसपी विश्नोई ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त अभिषेक उर्फ बटार पुत्र पप्पू राम गुर्जर (21) निवासी मोलाहेड़ा थाना पनियाला का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ विभिन्न पुलिस थानों में 8 गंभीर प्रकृति के मामले पहले से ही दर्ज हैं। पुलिस थाना बहरोड़ में उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत नया मामला दर्ज किया गया है। इस महत्वपूर्ण गिरफ्तारी में क्यूआरटी कोटपुतली के कांस्टेबल मनोज कुमार और क्यूआरटी बहरोड़ के कांस्टेबल बलदेव की विशेष भूमिका रही, जिनकी सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते गैंगस्टर को दबोचा जा सका।
यह भी पढ़ें