class-12-student-die...
जयपुर के झोटवाड़ा में स्कूल के बाहर परिजनों का हंगामा, स्कूल प्रशासन पर लगाए लापरवाही के आरोप
झोटवाड़ा थाना, जयपुर
जयपुर के झोटवाड़ा थाना क्षेत्र में एक निजी स्कूल के 12वीं कक्षा के छात्र की पेटीज खाने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान ब्रजमंडल कॉलोनी निवासी प्रिंस सोनी के रूप में हुई है। घटना के बाद गुरुवार को परिजनों ने स्कूल पहुंचकर हंगामा किया। परिजनों के अनुसार, बुधवार को लंच के दौरान प्रिंस ने स्कूल कैंटीन से आलू की पेटीज खाई थी। इसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। परिजनों का आरोप है कि पेटीज खराब थी और खाने के दौरान उसके गले में अटक गई थी।
मृतक के चाचा अनुराग सोनी ने आरोप लगाया कि छात्र की हालत गंभीर होने के बावजूद स्कूल प्रशासन ने उसे समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया। स्कूल की ओर से परिजनों को फोन कर उन्हें अपनी कार लेकर आने के लिए कहा गया। परिजन स्कूल पहुंचे, लेकिन तब तक प्रिंस की हालत बिगड़ चुकी थी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में पुलिस जांच कर रही है।