celebration-of-poush...
जयपुर के कदम्ब डूंगरी मंदिर में लाखों लोगों ने एक साथ ग्रहण की पंगत प्रसादी
पंगत प्रसादी ग्रहण करते लोग
जयपुर। सरना डूंगर रीको एरिया जयपुर स्थित कदम्ब डूंगरी मंदिर में रविवार को 42वां लक्खी पौषबड़ा महोत्सव आयोजित हुआ। जिसमें दोपहर 12 बजे से लेकर देर रात तक बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पंगत प्रसादी ग्रहण की। पावन मंगल सेवा संस्थान की ओर से महंत सीताराम दास जी और संस्कार दास जी की उपस्थिति में महोत्सव में सबसे पहले 2100 साधु-संतों और कन्याओं को भोजन कराया गया। श्रद्धालुओं ने खुले आसमान के नीचे प्रसादी ग्रहण की। लगभग 500 स्वयंसेवकों ने व्यवस्था संभालते हुए भोजन परोसने में सहयोग किया। 150 हलवाई ने 35 भट्टियों पर एक दिन पहले रात भर प्रसादी तैयार की। कदम्ब डूंगरी मंदिर की सोनिया दासी दीदी ने बताया कि प्रसादी बनाने में इसके लिए 40 क्विंटल आटा, 30 क्विंटल सूजी, 80 पीपे देशी घी, 140 पीपे तेल, 25 क्विंटल चौला-मूंग की दाल और 25 टन सब्जियों समेत अन्य सामग्री का उपयोग हुआ। इस अवसर पर सरना डूंगरी इंडस्ट्रीज एरिया में हजारों श्रद्धालु परिवार सहित शामिल हुए। इसके साथ अयोध्या, काशी, प्रयागराज, मथुरा, हरिद्वार, दिल्ली, मुंबई और तीर्थ स्थानों से भी संत-महंत शामिल हुए।