Sunday, 2 August 2026

Home / Crime /

case-registered-agai...

नेशनल स्विमिंग प्लेयर को पूल में बेल्ट से पीटा

चार युवकों पर केस दर्ज,निजी स्विमिंग पूल में अभ्यास के दौरान हुआ विवाद

News Image

CCTV फुटेज सामने आने के बाद पुलिस जांच में जुटी

अलवर जिले के रूपबास स्थित एक निजी स्विमिंग पूल में नेशनल स्तर के तैराक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुछ युवक खिलाड़ी के साथ धक्का-मुक्की और बेल्ट से हमला करते नजर आ रहे हैं। पीड़ित के पिता की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया है कि 20 वर्षीय मन्थन चौधरी बेंगलुरु में पढ़ाई के साथ प्रोफेशनल स्विमिंग की तैयारी कर रहा है और राष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुका है। कुछ दिन पहले वह अपने घर अलवर आया था और अभ्यास जारी रखने के लिए रूपबास स्थित एक निजी स्विमिंग पूल में ट्रेनिंग कर रहा था।

आरोप है कि 9 जून की शाम अभ्यास के दौरान पूल में मौजूद कुछ युवकों से उसकी कहासुनी हो गई। मन्थन ने उनसे ट्रेनिंग के लिए पूल के किनारे थोड़ी जगह खाली रखने का अनुरोध किया था। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और गाली-गलौज शुरू हो गई।

खबरों की अविरल धारा

शिकायत के अनुसार जब खिलाड़ी ने मामले की जानकारी वहां मौजूद स्टाफ को दी तो आरोपी और आक्रामक हो गए। आरोप है कि एक युवक ने बेल्ट निकालकर उस पर हमला किया और उसे धक्का दे दिया। इसके बाद पूल के अंदर भी उसके साथ मारपीट की गई। पीड़ित का कहना है कि उसे शरीर पर कई जगह चोटें आई हैं और बेल्ट के निशान भी पड़े हैं। शिकायत में जावेद, जाहूल और राहुल समेत चार युवकों पर हमले का आरोप लगाया गया है। एक आरोपी की पहचान अभी नहीं हो सकी है। परिवार का आरोप है कि घटना के समय आरोपी नशे की हालत में थे। जांच अधिकारी एएसआई रामचरण ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

यह भी पढ़ें
×