bus-car-collision-in...
अमावस्या पर स्नान के लिए पुष्कर जा रहे थे
नागौर में भीषण हादसा, 7 साल की बच्ची समेत 3 की मौत
राजस्थान के नागौर जिले में सोमवार सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे में 7 साल की बच्ची समेत तीन लोगों की जान चली गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। हादसा जसनगर क्षेत्र में लूनी नदी की रपट पर उस समय हुआ, जब एक निजी बस और इको कार आमने-सामने टकरा गईं।
जानकारी के अनुसार कार में एक ही परिवार के नौ सदस्य सवार थे, जो सोमवती अमावस्या के अवसर पर पुष्कर सरोवर में स्नान करने जा रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पलट गई और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जितेंद्र (40), शीला (35) और 7 वर्षीय मन्नू को मृत घोषित कर दिया। सभी मृतक और घायल मूल रूप से करौली जिले के निवासी बताए जा रहे हैं, जो वर्तमान में ब्यावर जिले के जैतारण क्षेत्र में मजदूरी का काम करते हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जैतारण भेजा गया, जहां से तीन लोगों की गंभीर स्थिति को देखते हुए जयपुर रेफर किया गया। हादसे के समय बस में करीब 20 यात्री मौजूद थे, जिन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई। घटना के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कर दिया।