Saturday, 1 August 2026

Home / Crime /

body-of-woman-missin...

जयपुर में 8 दिन से लापता महिला का शव कुएं में मिला,चांदी के कड़ों के लिए हत्या की आशंका

घर से दवाई लेने निकली थी महिला, दो किलोमीटर दूर कुएं में मिला शव

News Image

मृतका 53 वर्षीय बीना देवी

शिवदासपुरा थाना क्षेत्र में एक महिला का शव कुएं में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला पिछले आठ दिनों से लापता थी और परिजन उसकी तलाश में जुटे हुए थे। गुरुवार सुबह गांव के लोगों ने कुएं से बदबू आने पर अंदर देखा तो शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान 53 वर्षीय बीना देवी निवासी बल्लूपुरा, शिवदासपुरा के रूप में हुई है। महिला की गुमशुदगी पहले ही शिवदासपुरा थाने में दर्ज करवाई गई थी।

बदबू आने पर हुआ खुलासा

जानकारी के मुताबिक हनुमानपुरा पावर ग्रिड के पीछे ढूंढ नदी के पास स्थित एक कुएं से गुरुवार सुबह तेज बदबू आने लगी। ग्रामीणों ने जब कुएं में झांककर देखा तो अंदर शव दिखाई दिया। घटना की सूचना पर बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।शिवदासपुरा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सिविल डिफेंस और एफएसएल टीम को बुलाया। टीम ने शव को बाहर निकलवाया और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

दवाई लेने घर से निकली थी

खबरों की अविरल धारा

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बीना देवी मजदूरी का काम करती थी। 11 जून को वह दोपहर करीब 12 बजे दवाई लेने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे।

हत्या की आशंका

महिला का शव उसके घर से करीब दो किलोमीटर दूर स्थित कुएं में मिला। पुलिस ने पाया कि महिला के पैरों में पहने चांदी के कड़े गायब थे। ऐसे में शुरुआती जांच में लूट के उद्देश्य से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। संभावना है कि आरोपियों ने चांदी के कड़े लूटने के बाद शव को कुएं में फेंक दिया हो। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों और घटनाक्रम का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

यह भी पढ़ें
×