an-employee-of-the-s...
उदयपुर में राज्य बीमा विभाग का कर्मचारी 1 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार
एसीबी की गिरफ्त में आया शेखर मथुरिया
उदयपुर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राज्य बीमा एवं प्रावधायी निधि विभाग के वरिष्ठ सहायक शेखर मथुरिया को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी डेथ क्लेम पास करने के बदले रिश्वत मांग रहा था।
7.50 लाख रुपए की कर रहा था मांग
ब्यूरो की इंटेलिजेंस यूनिट उदयपुर को शिकायत मिली थी कि परिवादी की भांजी, जो सरकारी शिक्षिका थीं, उनके निधन के बाद राज्य बीमा का डेथ क्लेम पास करवाने के लिए आरोपी ने रिश्वत मांगी थी। आरोप है कि क्लेम की कमियां पूरी कर ज्यादा राशि पास करवाने के नाम पर पहले 7.50 लाख रुपये की मांग की गई।
गोविंद गुप्ता
डीजी एसीबी
1.50 लाख रुपए में तय हुआ सौदा
बाद में सत्यापन के दौरान 1.50 लाख रुपये में सौदा तय हुआ। इसमें से पहली किस्त के रूप में 1 लाख रुपये लेते समय एसीबी टीम ने आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया।
यह कार्रवाई एसीबी के उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के निर्देशन में की गई। ट्रैप कार्रवाई का नेतृत्व इंटेलिजेंस यूनिट उदयपुर की प्रभारी डॉ. सोनू शेखावत ने किया।
फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। एसीबी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें