ambulance-overturns-...
करधनी थाना इलाके में 200 फीट बाइपास पर निवारु पुलिया पर हादसा, दो घंटे यातायात प्रभावित
हाइवे पर पलटी एंबुलेंस दो घंटे बाद हटवाई जा सकी
जान बचाने के लिए मरीज को एक हॉस्पिटल से दूसरे हॉस्पिटल ले जा रहे थे। इस बीच हाइवे पर एंबुलेंस पलट गई और पेशेंट की ही मौत हो गई। हादसा जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र में 200 फीट बाइपास हाइवे पर मंगलवार शाम साढ़े 7 बजे हुआ। एंबुलेंस पलट गई, एक की मौत और तीन घायल हो गए। एंबुलेंस चौमूं के एक निजि हॉस्पिटल से हार्ट पेशेंट को लेकर मानसरोवर के लिए निकली थी। विश्वकर्मा से एंबुलेंस बाइपास पर चढ़ी और कुछ आगे ही निवारू पुलिया तक पहुंची थी कि ओवरटेक करने के चक्कर में पलट गई। एंबुलेंस पलटने से उसमें सवार मरीज की मौत हो गई। मरीज के साथ परिजन व एंबुलेंस सवार अन्य भी घायल हो गए। जाम लग गया। आसपास के क्षेत्र के लोग पुलिया पर पहुंच गए। एंबुलेंस में फंसे लोगों को निकाल कर पास के निजी अस्पताल पहुंचाया। तब तक सूचना पाकर पुलिस भी आ गई। पुलिस ने करीब दो घंटे मशक्कत कर हाइवे से ट्रैफिक जाम खुलवाया। दुर्घटना थाना पुलिस पश्चिम की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को एसएमएस अस्पताल शिफ्ट कराया। पुलिस कंट्रोल रूम जयपुर से मिली जानकारी के मुताबिक चौमूं के बराला हॉस्पिटल से एक एंबुलेंस हार्ट पेशेंट को लेकर मानसरोवर में एक निजि हॉस्पिटल के लिए रवाना हुई थी। इस बीच शाम साढ़े 7 बजे एंबुलेंस पलट गई। उसमें सवार पेशेंट की मौत हो गई।
बराला हॉस्पिटल चौमूं की थी एंबुलेंस
इस मामले में बराला हॉस्पिटल चौमूं के अधिकृत मोबाइल नंबर 8875002222 पर बात की गई। कॉल रिसीव करने वाले ने अपना नाम नहीं बताया लेकिन घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हार्ट पेशेंट को परिजनों की च्वाइस पर एंबुलेंस में ड्राइवर पेशेंट को लेकर जयपुर गया था। रास्ते में एक्सीडेंट हो गया। फिलहाल एक्सीडेंट की ही सूचना है। एंबुलेंस चालक से बात हुई है, उसको चोट आई है, लेकिन वह ठीक है। पुलिस ने रात 10 बजे बताया कि मृतक के बारे में 67 वर्षीय सिराजुद्दीन होने का पता चला है। डेड बॉडी कावंटिया अस्पताल में रखवा दी है। घायलों में एक एंबुलेंस चालक, एक उसका हेल्पर और एक नर्सिंग स्टॉफ बताया जा रहा है।उनका स्थानीय अस्पतालों में प्राथमिक उपचार कराया है।
घायलों की मदद करने वाले ने बताई कहानी
मौके पर पलटी हुई एंबुलेंस से घायलों को निकालने वाली संदीप गुर्जर ने बताया कि एंबुलेंस पलटने पर जोर की आवाज हुई। सामने की बिल्डिंग में ही फ्लैट में रहता हूं,नीचे उतरकर पुलिस पर पहुंचा। एंबुलेंस में फंसे लोगों को निकाला। एक पेशेंट की तो संभवत: मौके पर ही मौत हो गई थी। तीन अन्य को निकाल कर पास के सुनील हॉस्पिटल भिजवाया। पूरे कपड़े खून में सन गए थे, लेकिन घायलों को बचाना भी जरूरी था। तब तक करधनी थाने से पुलिस आ गई थी।