a-woman-and-her-neig...
आधी रात महिला से मिलने खेत में पहुंचा पड़ौसी, घात लगाकर बैठे गांव वालों ने दोनों पर पेट्रोल उड़ेलकर आग लगा दी
झुलसी हालत में बचने के लिए रोते-चिल्लाते इधर उधर भागे, तब गांव वाले पहुंचे, एसएमएस में भर्ती
जयपुर ग्रामीण।
जयपुर ग्रामीण में दूदू के पास मौखमपुरा थाना इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना हो गई। बिचून के पास बाडोलाव गांव में एक विधवा महिला और पड़ोसी को लोगों ने पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। घटना के समय दोनों खेत में थे। गांव में चर्चा है कि महिला और पड़ोसी के बीच नजदीकियों को लेकर गांव वालों को संदेह था। महिला के परिवार के पुरुष व कुछ अन्य घात लगाए बैठे थे, ज्योंहि पड़ोसी रात के समय महिला से मिलने खेत में मिलने पहुंचा, लोगों ने उन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। दोनों के कपड़े पेट्रोल में भीगे थे तुरंत आग पकड़ ली। आग की लपटों से घिरे दोनों रोने-चिल्लाने लगे। जलाने वाले भाग गए, शोर सुनकर गांव वाले पहुंचे और झुलसी हालत में महिला-पुरुष पर मिट्टी डालकर आग बुझाई।
घात लगाए बैठे थे आरोपी
मौके पर सीओ दूदू दीपक खंडेलवाल पहुंचे हैं। झुलसी हालत में महिला और पुरुष को पहले दूदू अस्पताल भेजा, वहां से कंडीशन सीरियस होने पर जयुपर के एसएमएस अस्पताल रैफर कर दिया।पुरुष की हालत गंभीर है, महिला भी काफी झुलस गई।
पुलिस ने बताया कि संभवत: गांव के ही कुछ लोगों ने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। जिसमें कुछ लोग महिला के परिवार से जुड़े हुए हैं। महिला की उम्र करीब 30 वर्ष और झुलसे हुए व्यक्ति की करीब 40 वर्ष है। दोनों आसपास ही रहते हैं और एक ही जाति के है।
गांव वालों को भनक लग गई थी
इस मामले में सूत्रों का कहना है कि महिला संभवत दोनों के अवैध संबंधों की गांव वालों को भनक लग गई थी। साजिश के तहत कुछ लोग पेट्रोल लेकर पहले से प्लानिंग कर खेत के अासपास छिपे होंगे। जब महिला से मिलने पड़ोसी पहुंचा तो दोनों को घेर-घोंटकर उन पर पेट्रोल उडे़ल कर आग लगा दी। आरोपियों ने उन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। दोनों करीब 50 से 80 प्रतिशत तक जल गए। इस हैरान करने वाली घटना की खबर पर मौके पर बड़ी संख्या में गांव वाले एकत्रित हो गए।