a-police-constable-r...
बाइक बिजली के पोल से टकराई
घायल युवक का इलाज जारी
राजधानी जयपुर में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पुलिस कॉन्स्टेबल की जान चली गई। हादसा सांगानेर थाना इलाके में कृषि अनुसंधान केंद्र के पास हुआ, जहां ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे कॉन्स्टेबल की बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गई। हादसे में एक अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, मृतक कॉन्स्टेबल की पहचान 42 वर्षीय लोकेंद्र के रूप में हुई है। वह मूल रूप से भरतपुर का रहने वाला था और जयपुर पुलिस लाइन में तैनात था। बताया जा रहा है कि लोकेंद्र सुबह नाकाबंदी ड्यूटी खत्म कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सांगानेर क्षेत्र में उनकी बाइक अचानक संतुलन खो बैठी और डिवाइडर पार करते हुए बिजली के पोल से जा भिड़ी।
हादसे के समय बाइक पर लोकेंद्र के साथ रोहित उर्फ राहुल गुप्ता (31) नाम का एक व्यक्ति भी मौजूद था। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद दोनों को इलाज के लिए एसएमएस अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने कॉन्स्टेबल लोकेंद्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल युवक का इलाज जारी है। पुलिस फिलहाल हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और बाइक का संतुलन बिगड़ना हादसे की वजह माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें