4-year-old-girl-seri...
4 साल की बच्ची गंभीर घायल
थाने में मामला दर्ज
जयपुर में पालतू कुत्तों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। शहर की एक रिहायशी सोसाइटी में जर्मन शेफर्ड नस्ल के कुत्ते ने 4 साल की मासूम बच्ची पर हमला कर दिया। हमले में बच्ची के सिर और आंख के ऊपर गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे तत्काल एसएमएस अस्पताल ले जाया गया।
पड़ोसी के घर बच्चों को बुलाने गई थी बच्ची
घटना पत्रकार कॉलोनी थाना क्षेत्र की एक रेजीडेंसी की है। जानकारी के अनुसार 4 वर्षीय आद्विका खंडेलवाल सोसाइटी में रहने वाले अन्य बच्चों के साथ अक्सर खेलती थी। 24 मई की रात वह पड़ोस में रहने वाले बच्चों को बुलाने उनके फ्लैट पर पहुंची। बताया जा रहा है कि फ्लैट का दरवाजा बंद होने पर बच्ची ने डोरबेल बजाई। जैसे ही दरवाजा खुला, अंदर मौजूद पालतू जर्मन शेफर्ड तेजी से बाहर निकला और बच्ची पर झपट पड़ा। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, कुत्ते ने उसके सिर को बुरी तरह नोच दिया।
खून से लथपथ हालत में अस्पताल पहुंचाया
हमले के बाद बच्ची लहूलुहान हो गई। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक सिर और आंख के ऊपर गहरे घाव हैं। आगे की स्थिति का आकलन करने के लिए प्लास्टिक सर्जन से भी परामर्श लिया जाना है।
हमले के बाद सदमे में मासूम
परिजनों का कहना है कि शारीरिक चोटों के साथ-साथ बच्ची मानसिक रूप से भी बुरी तरह प्रभावित हुई है। वह अब भी डरी हुई है और नींद से जागते ही कुत्ते के हमले को याद कर घबरा जाती है। घटना के बाद बच्ची के परिवार ने रविवार को पत्रकार कॉलोनी थाने में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
पालतू जानवरों की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद सोसाइटी में रहने वाले लोगों के बीच भी चिंता बढ़ गई है। सवाल यह उठ रहा है कि यदि बड़े और ताकतवर पालतू कुत्तों को पर्याप्त नियंत्रण में नहीं रखा जाए तो वे आसपास रहने वाले बच्चों और लोगों के लिए खतरा बन सकते हैं।
यह भी पढ़ें