strain-in-kohli-gamb...
इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे से पहले दोनों के बीच बातचीत नहीं होने का दावा
विराट कोहली-गौतम गंभीर
भारत और इंग्लैंड के बीच पहले वनडे मुकाबले से पहले विराट कोहली और टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर के रिश्तों को लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं। एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि बर्मिंघम में हुए अभ्यास सत्र के दौरान दोनों के बीच कोई बातचीत नहीं हुई। रिपोर्ट के अनुसार, अभ्यास के दौरान गौतम गंभीर ने कप्तान शुभमन गिल, रोहित शर्मा, केएल राहुल सहित कई खिलाड़ियों से बातचीत की, लेकिन विराट कोहली से सीधे संवाद नहीं किया। दावा किया गया है कि कोहली की बल्लेबाजी के बाद बैटिंग कोच सितांशु कोटक उनसे बातचीत करने पहुंचे, जबकि गंभीर दूर से ही अभ्यास देखते रहे।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि टीम के अन्य खिलाड़ियों से बातचीत के दौरान कोहली अपने किट बैग के साथ वहां से आगे बढ़ गए। हालांकि, भारतीय टीम प्रबंधन या बीसीसीआई की ओर से इस दावे की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। गौरतलब है कि विराट कोहली और गौतम गंभीर के बीच मतभेदों की चर्चाएं पहले भी होती रही हैं। दोनों के बीच आईपीएल 2023 में लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले गए मुकाबले के बाद तीखी बहस भी देखने को मिली थी। अब इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले आई इस रिपोर्ट ने एक बार फिर इन अटकलों को हवा दे दी है।