pakistani-journalist...
सेना के अधिकारियों से मिली सूचनाओं के आधार पर किया था आकलन
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की मौत की आशंका जताने वाले पाकिस्तानी पत्रकार वजाहत सईद खान अपने दावे से पीछे हट गए हैं। अमेरिका में रह रहे वजाहत ने मंगलवार रात वीडियो जारी कर कहा था कि रावलपिंडी स्थित सेना मुख्यालय के कम से कम तीन वरिष्ठ अधिकारियों को आशंका है कि इमरान अब जिंदा नहीं हैं। बुधवार दोपहर पत्रकार ने स्पष्ट किया कि यह कोई पक्की खबर नहीं थी, बल्कि सेना के अंदर से मिली सूचनाओं के आधार पर किया गया आकलन था। इमरान अगस्त 2023 से रावलपिंडी की अडियाला जेल में बंद हैं। वजाहत के दावे के बाद इमरान की बहनों ने भी चिंता जताई है। उनका कहना है कि उन्हें जेल में भाई से मिलने की अनुमति नहीं दी जा रही। इमरान की पार्टी PTI ने चेतावनी दी है कि मुलाकात की अनुमति नहीं मिलने पर समर्थक सड़कों पर उतरेंगे। पार्टी ने 27 सितंबर को इस्लामाबाद तक लॉन्ग मार्च का ऐलान भी किया है।
नवंबर 2025 में इमरान की बहन उज्मा खान ने अडियाला जेल में उनसे करीब 20 मिनट मुलाकात की थी। बाहर आने के बाद उन्होंने बताया था कि इमरान की सेहत ठीक है, हालांकि वे बेहद गुस्से में थे। उज्मा ने मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए इसके लिए आसिम मुनीर को जिम्मेदार बताया था। नवंबर 2025 में ही परिवार और समर्थकों को मुलाकात की अनुमति नहीं मिलने के बाद इमरान की मौत की अफवाह फैली थी। इसके बाद पाकिस्तान में प्रदर्शन हुए थे और रावलपिंडी से इस्लामाबाद तक सुरक्षा बढ़ा दी गई थी।