monsoon-pauses-in-ra...
कई जिलों में बढ़ा तापमान; मौसम विभाग ने दक्षिणी राजस्थान में बारिश की संभावना जताई
राजस्थान में 16 जुलाई से मानसून दोबारा सक्रिय होने की उम्मीद
राजस्थान में मानसून की गतिविधियां फिलहाल धीमी पड़ गई हैं। सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही रही, लेकिन कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। मौसम विभाग के अनुसार, 16 जुलाई से मानसून फिर सक्रिय हो सकता है और सबसे पहले उदयपुर संभाग के रास्ते प्रदेश में प्रवेश करने की संभावना है। विभाग का अनुमान है कि अनुकूल परिस्थितियां बनने पर उदयपुर, सलूंबर, प्रतापगढ़, डूंगरपुर और बांसवाड़ा जिलों में बारिश हो सकती है। इसके बाद मानसूनी सिस्टम अरावली क्षेत्र को पार करते हुए अन्य इलाकों तक भी पहुंच सकता है। बारिश थमने के साथ ही प्रदेश में गर्मी ने फिर जोर पकड़ लिया है। सोमवार को श्रीगंगानगर सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा फलोदी, बीकानेर, जैसलमेर, चूरू, अलवर, पिलानी और संगरिया सहित कई शहरों में भी अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। वहीं जयपुर में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री और न्यूनतम 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।