jaipur-neeraj-sharma...
जयपुर का नीरज शर्मा हत्याकांड: मृतका के भाई का दावा- चचेरे भाई ने बेटी को अपने प्रभाव में लेकर रची साजिश
मां की हत्या के आरोप में बेटी गिरफ्तार, कजिन फरार
जयपुर के चर्चित नीरज शर्मा हत्याकांड में नया दावा सामने आया है। मृतका नीरज के भाई राकेश ने आरोप लगाया है कि प्रॉपर्टी पर कब्जा करने की मंशा से नीरज की बेटी आयुषी को उसके चचेरे भाई रवि उर्फ बलराम ने अपने प्रेमजाल में फंसाया। उनका दावा है कि दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे और इसी दौरान पूरी साजिश रची गई। राकेश शर्मा का आरोप है कि उसकी भांजी आयुषी को अपने प्रभाव में लेने के बाद रवि ने पहले उसके बीमार पिता विजय शर्मा की हत्या करवाई। इसके बाद घर से कथित रूप से चोरी किए गए गहनों और नकदी में से नीरजकी हत्या के लिए बदमाशों को सुपारी दी गई। उन्होंने दोनों मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
उल्लेखनीय है कि, 3 जुलाई को जयपुर के प्रताप नगर क्षेत्र में विधवा महिला नीरज शर्मा की स्कॉर्पियो से कुचलकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या की साजिश में मृतका की बेटी, उसके ताऊ और चचेरे भाई की भूमिका होने का आरोप है। मामले में 7 लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या करवाने की बात सामने आई है। इस प्रकरण में पुलिस अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इस हाईप्रोफाइल केस का मास्टर माइंड बताया जा रहा रवि उर्फ बलराम अभी फरार है। उसके पकड़े जाने पर ही सारी स्थिति साफ होगी।