gang-of-mobile-thiev...
गोविंद देवजी मंदिर के पास फूल लेने आए करीब 50 से अधिक लोग मोबाइल चोरी होने की कंप्लेन लेकर माणक चौक थाने पहुंचे
मोबाइल चोरी के शिकार लोगों ने माणक चौक थाने पहुंच कर कंप्लेन दी और कैमरों के जरिए चोरों की तलाश करने का निवेदन किया
जयपुर।
गोविंद देवजी मंदिर जयपुर के बाहर लगने वाली फूल मंडी में मोबाइल चोरी दिवाली मना गए। सुबह-सुबह मंडी में घुसी मोबाइल चोरों की गैंग एक दो नहीं बल्कि 200-250 मोबाइल चुरा ले गई। बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंचे। दरअसल फूल मंडी में दीपावली पूजन और गोविंद देवजी मंदिर दर्शन के लिए फूल-माला खरीदने आए लोगों के सोमवार सुबह धड़ाधड़ मोबाइल चाेरी हो गए। एक के बाद एक लोगों की जेब से मोबाइल गायब। शातिर चोरों ने सैकड़ों मोबाइल चुरा लिए। करीब 50 से अधिक लोग तो शिकायत करने माणकचौक थाने पहुंचे। काफी हंगामा हुआ। लोग बता रहे थे कि करीब 250 से अधिक मोबाइल चोरी हुए हैं, हालांकि पुलिस ने इस मामले में अभी कुछ नहीं बताया, लेकिन थाने के बाहर खड़े लोगों की चिंता साफ देखी जा सकती थी।
मोबाइल चोरी की वारदात के शिकार हुए खजाने वालों का रास्ता निवासी विक्की ने बताया कि वह दिवाली के त्योहार पर फूल माला खरीदने गोविंद देवजी मंदिर के बाहर लगने वाली फूल मंडी में आया था। वहां फूल मंडी और सब्जी मंडी आसपास ही लगती है। यहां सुबह सुबह जयपुर के हजारों लोग आते हैं। बस इसी मौके का फायदा उठाकर चोरों की गैंग की भी मंडी में घुस गई और एक एक कर बेहद शातिराना तरीके से कई लोगों के मोबाइल चुरा ले गए।
पुलिस सीसीटीवी चेक करे तो पकड़े जा सकते हैं चोर:
थाने के बाहर पहुंचे लोगों का कहना था कि उस एरिया में कई जगह कैमरे लगे हैं। पुलिस अगर जल्द सीसीटीवी फुटेज चेक करे तो मोबाइल चोर पकड़े जा सकते हैं। इतनी बड़ी संख्या में लोगों के मोबाइल चोरी हुए हैं, मतलब ये किसी गैंग की करतूत है और अपराधियों की संख्या एक से अधिक होगी। सुबह सुबह ही माणकचौक थाने के बाहर कंप्लेन दर्ज कराने वालों की भीड़ लग गई।
जनता तो जाग नहीं पाई, चोर जाग गए: हाल ही में गृह मंत्री अमित शाह जयपुर आए थे। उन्होंने नए आपराधिक कानूनों के प्रति जनता को सजग करने वाली प्रदर्शनी का उद्घाटन किया था। इसमें माणक चौक थाने की प्रतिकृति बनाई गई थी। कल प्रदर्शनी का आखिरी दिन है, इधर माणक चौक थाने इलाके में ही चोर जाग उठे।