flight-window-breaks...
पत्नी और यात्रियों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
प्लेन की टूटी हुई खिड़की
ग्रीस से जर्मनी जा रही रायनएयर की एक फ्लाइट में उड़ान के दौरान खिड़की टूटने से बड़ा हादसा टल गया। घटना उस समय हुई जब विमान करीब 30 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। खिड़की टूटने से कैबिन का दबाव अचानक कम हो गया और उसके पास बैठे 61 वर्षीय यात्री का सिर और कंधे बाहर की ओर निकल गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यात्री की पत्नी ने तुरंत उनके पैर पकड़ लिए, जबकि अन्य यात्रियों ने भी मदद कर उन्हें सुरक्षित अंदर खींच लिया। राहत की बात यह रही कि यात्री ने सीट बेल्ट लगा रखी थी, जिससे वह विमान से बाहर नहीं गिरा। यह घटना मैसिडोनिया के ऊपर हुई। विमान ग्रीस के थेसालोनिकी से जर्मनी के मेमिंगेन जा रहा था। एयरलाइन के अनुसार, घायल यात्री सर्बिया का नागरिक है। उसे मामूली चोटें आई हैं और अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है।
ग्रीक मीडिया की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इंजन से अलग हुए किसी पुर्जे के टुकड़े की वजह से खिड़की टूटी, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद विमान को वापस थेसालोनिकी लौटाया गया, जहां उसकी सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। बाद में अन्य यात्रियों को दूसरे विमान से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। मामले की जांच जारी है।