sister-clashes-with-...
सवाई माधोपुर की बहादुर बेटी मौत के जबड़ों से खींच लाई भाई की जिंदगी
अस्पताल में भर्ती 15 वर्षीय राज गुर्जर
सवाई माधोपुर के टोडरा गांव में भाई-बहन के अटूट रिश्ते की ऐसी मिसाल देखने को मिली, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया। देर रात एक लेपर्ड 15 वर्षीय राज गुर्जर को छत से उठाकर ले जाने लगा, लेकिन उसकी बड़ी बहन राधा गुर्जर ने हिम्मत नहीं हारी और मौत से लड़कर अपने भाई को बचा लिया। परिवार बिजली कटौती के कारण मकान की छत पर सो रहा था। रात करीब एक बजे लेपर्ड तीन मकानों की छत पार कर वहां पहुंचा और सो रहे राज को सिर से दबोचकर घसीटने लगा। भाई की चीख सुनकर राधा की नींद खुली। सामने खौफनाक मंजर था, लेकिन उसने डरने के बजाय लेपर्ड का पीछा किया। जब लेपर्ड राज को लेकर छत की दीवार पार करने की कोशिश कर रहा था, तभी राधा ने भाई के पैर पकड़ लिए। कुछ पलों तक बहन और लेपर्ड के बीच भाई को लेकर खींचतान चलती रही। आखिरकार शोर-शराबे और राधा की बहादुरी के आगे लेपर्ड को पीछे हटना पड़ा और वह जंगल की ओर भाग गया।हमले में राज के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं और उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दो महीनों में क्षेत्र में लेपर्ड की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन स्थायी समाधान अब तक नहीं निकला है।