Saturday, 1 August 2026

Home / Filmy /

poster-launch-of-sal...

सलमान खान के काला हिरण केस पर बनेगी फिल्म

'काला हिरण' का पोस्टर लांच

News Image

20 जून को रिलीज होगा टीजर

बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान से जुड़े बहुचर्चित काला हिरण शिकार मामले पर अब फिल्म बनने जा रही है। फिल्म ‘काला हिरण’ का पोस्टर शुक्रवार को जारी कर दिया गया। फिल्म का फर्स्ट लुक और टीजर 20 जून को रिलीज किया जाएगा।

फिल्म की घोषणा के बाद से ही यह चर्चा का विषय बन गई है, क्योंकि इसकी कहानी 1998 के चर्चित काला हिरण शिकार मामले और उससे जुड़े घटनाक्रमों पर आधारित बताई जा रही है। फिल्म में कोर्टरूम ड्रामा, क्राइम, थ्रिलर और सलमान खान व गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के बीच लंबे समय से चर्चा में रहे विवाद को सिनेमाई अंदाज में पेश किया जाएगा।

हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि फिल्म में मुख्य भूमिका कौन निभा रहा है। क्या है काला हिरण शिकार मामला?

यह मामला साल 1998 का है, जब सलमान खान फिल्म ‘हम साथ-साथ हैं’ की शूटिंग के लिए जोधपुर में थे। उस दौरान उन पर काला हिरण और चिंकारा के शिकार के आरोप लगे थे।

सलमान खान के खिलाफ कुल चार मामले दर्ज किए गए थे, जिनमें दो चिंकारा शिकार मामले, एक कांकाणी काला हिरण शिकार मामला और एक आर्म्स एक्ट का मामला शामिल था।

काला हिरण शिकार मामले में बिश्नोई समुदाय की शिकायत के बाद सलमान खान के साथ अभिनेता सैफ अली खान, अभिनेत्री तब्बू, सोनाली बेंद्रे और नीलम का नाम भी सामने आया था। 12 अक्टूबर 1998 को सलमान खान को पहली बार गिरफ्तार किया गया था, हालांकि बाद में उन्हें जमानत मिल गई।

खबरों की अविरल धारा

अभी कहां पहुंचा मामला?

अप्रैल 2006 में चिंकारा शिकार मामलों में सलमान खान को सजा सुनाई गई थी। वहीं जनवरी 2017 में उन्हें आर्म्स एक्ट मामले में बरी कर दिया गया।

इसके बाद 5 अप्रैल 2018 को जोधपुर की अदालत ने काला हिरण शिकार मामले में सलमान खान को पांच साल की सजा और 10 हजार रुपये जुर्माने का आदेश दिया था। इस मामले में अन्य सह-आरोपियों को बरी कर दिया गया था।

फिलहाल सलमान खान जमानत पर बाहर हैं और मामला राजस्थान हाईकोर्ट में लंबित है। मई 2026 में हुई सुनवाई के बाद अदालत ने अगली सुनवाई 13 जुलाई 2026 के लिए निर्धारित की है।

अब देखना दिलचस्प होगा कि वास्तविक घटनाओं से प्रेरित यह फिल्म दर्शकों की उम्मीदों पर कितनी खरी उतरती है और रिलीज के बाद इसे कैसी प्रतिक्रिया मिलती है।

यह भी पढ़ें
×