kota-man-visits-inla...
शराब के नशे में ससुराल में किया हंगामा, बाद में जहर खाने की बात बताई
अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ा
कोटा शहर के आरकेपुरम थाना क्षेत्र में पत्नी को लेने ससुराल पहुंचे एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक ने पहले ससुराल में हंगामा किया और बाद में परिजनों को बताया कि वह पहले ही जहर खाकर आया है। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान पप्पू लाल (31) निवासी खनी गांव, थाना चेचट के रूप में हुई है। वह मजदूरी करता था। उसकी शादी करीब आठ साल पहले हुई थी और उसके चार बच्चे हैं। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। कुछ समय पहले पत्नी दो बच्चों को लेकर मायके बोराबास स्थित भेरूपुरा भील बस्ती आ गई थी, जबकि दो बच्चे पिता के साथ रह रहे थे।
रविवार शाम पप्पू लाल पत्नी को वापस ले जाने के लिए ससुराल पहुंचा। पुलिस के मुताबिक वह शराब के नशे में था और वहां विवाद करने लगा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे समझाने का प्रयास किया।
इसी दौरान रात में उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसने परिजनों को बताया कि वह पहले ही जहर का सेवन कर चुका है और अपनी जेब से कथित तौर पर जहर की शीशी भी दिखाई। इसके बाद उसे तुरंत न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक के पिता मोहन लाल की शिकायत पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है और मामले की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें