kanpur-mp-ramesh-awa...
कानपुर सांसद रमेश अवस्थी ने अदाणी डिफेन्स यूनिट में किया अत्याधुनिक रक्षा उपकरणों का निरीक्षण
निशाना साधते सांसद रमेश अवस्थी
कानपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद रमेश अवस्थी ने गुरुवार को अदाणी डिफेन्स एवं एयरोस्पेस की कानपुर स्थित अत्याधुनिक रक्षा विनिर्माण इकाई का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान सांसद ने रक्षा उत्पादन की गुणवत्ता और तकनीकी क्षमता को परखते हुए कारबाइन से निशाना साधा, जिससे यूनिट में निर्मित हथियारों की सटीकता और विश्वसनीयता का प्रत्यक्ष प्रदर्शन हुआ। निरीक्षण के समय सांसद को उत्पादन प्रक्रिया, तकनीकी संरचना, सुरक्षा मानकों और उन्नत निर्माण प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई। यह इकाई दक्षिण एशिया की सबसे बड़ी निजी गोला-बारूद एवं मिसाइल घटक निर्माण इकाई है, जो भारत को रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के राष्ट्रीय संकल्प को मजबूत आधार प्रदान कर रही है। सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। कानपुर जैसे औद्योगिक नगर में विश्वस्तरीय रक्षा विनिर्माण इकाई की स्थापना पूरे उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के लिए गर्व का विषय है।
180 महीनों में विशाल और आधुनिक यूनिट
उन्होंने बताया कि अदाणी डिफेन्स एवं एयरोस्पेस समूह द्वारा मात्र 180 महीनों में इस विशाल और आधुनिक यूनिट को पूर्ण रूप से क्रियाशील बनाना एक बड़ी उपलब्धि है। इस इकाई से देश की लगभग 25 प्रतिशत रक्षा आवश्यकताओं की पूर्ति का लक्ष्य रखा गया है, साथ ही यहां से मित्र देशों को भी अत्याधुनिक हथियार और गोला-बारूद की आपूर्ति की जाएगी।
एआई आधारित आधुनिक तकनीकों का प्रयोग
सांसद ने यह भी कहा कि इस यूनिट में एआई आधारित आधुनिक तकनीकों का प्रयोग किया जा रहा है, जिससे रक्षा उत्पादन की गुणवत्ता, सटीकता और कार्यक्षमता में अभूतपूर्व वृद्धि होगी। निरीक्षण के अंत में सांसद रमेश अवस्थी ने अदाणी डिफेन्स एवं एयरोस्पेस की टीम को इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय योगदान के लिए बधाई दी और कहा कि यह इकाई भविष्य में देश की सुरक्षा, औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और भारत की वैश्विक रक्षा शक्ति को और अधिक सशक्त बनाएगी।
यह भी पढ़ें