commonwealth-games-n...
कॉमनवेल्थ गेम्स: आठवें दिन भारत के खाते में आए 6 पदक, जूडो में दो गोल्ड
नीरज चोपड़ा ने जीता सिल्वर
ग्लासगो में जारी कॉमनवेल्थ गेम्स के आठवें दिन भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल छह पदक अपने नाम किए। इनमें दो स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक शामिल हैं। जेवलिन थ्रो में स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा ने 85.83 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ रजत पदक जीता। वहीं भारत के यशवीर सिंह ने 85.41 मीटर का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक श्रीलंका के रुमेश पथिराजे ने 89.75 मीटर के थ्रो के साथ जीता।
डेकाथलॉन में तेजस्विन शंकर ने रचा इतिहास
एथलेटिक्स के डेकाथलॉन इवेंट में तेजस्विन शंकर ने 7976 अंकों के साथ कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया। वह कॉमनवेल्थ गेम्स में इस स्पर्धा में पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए। इससे पहले वह 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में हाई जंप का भी कांस्य पदक जीत चुके हैं। डेकाथलॉन का स्वर्ण ग्रेनाडा के लिंडन विक्टर (8096 अंक) और रजत कनाडा के डेमियन वार्नर (8036 अंक) ने जीता।
जूडो में अस्मिता डे ने भारत को दिलाया स्वर्ण पदक
जूडो में अस्मिता डे ने भारत को इस खेल में कॉमनवेल्थ गेम्स का पहला स्वर्ण पदक दिलाया। इसके कुछ ही मिनट बाद हर्ष सिंह ने दूसरा स्वर्ण अपने नाम किया, जबकि यामिनी मौर्य ने रजत पदक जीता।
आठवें दिन के बाद भारत के कुल पदकों की संख्या 23 हो गई है। भारतीय दल के खाते में अब 5 स्वर्ण, 12 रजत और 6 कांस्य पदक हैं, जिसके साथ टीम पदक तालिका में 10वें स्थान पर बनी हुई है।
यह भी पढ़ें