heart-treated-in-the...
असामान्य धड़क रही थी बच्चे की हार्ट बीट, 72 घंटे में हुई नॉर्मल
डिलिवरी के बाद सामान्य हार्ट बीट के साथ बच्चा
जयपुर के महात्मा गांधी हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने मेडिकल साइंस की एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। गर्भ में पल रहे एक बच्चे के दिल की गंभीर बीमारी का इलाज कर उसकी धड़कन सामान्य कर दी गई, जिससे उसकी जान बचाई जा सकी। विशेषज्ञों के अनुसार भ्रूण को सुप्रावेंट्रिकुलर टैकीकार्डिया (SVT) नामक गंभीर हृदय समस्या थी। इस बीमारी में दिल की धड़कन खतरनाक स्तर तक तेज हो जाती है। जांच में बीमारी का पता चलने के बाद डॉक्टरों ने मां को विशेष ट्रांसप्लेसेंटल थेरेपी दी, जिससे दवा गर्भ में बच्चे तक पहुंच सके।
इलाज शुरू होने के 72 घंटे के भीतर भ्रूण की हार्ट बीट सामान्य हो गई और गर्भावस्था सुरक्षित रूप से आगे बढ़ी। हालांकि 35वें सप्ताह में दोबारा समस्या के संकेत मिलने पर डॉक्टरों ने डिलीवरी कराने का फैसला लिया। जन्म के बाद भी नवजात की स्थिति पर लगातार नजर रखी गई। विशेषज्ञों ने दवाओं की मदद से 72 घंटे के भीतर उसकी धड़कन फिर सामान्य कर दी। फिलहाल बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है और उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।