actress-sharmila-man...
राजस्थान में एक और स्टार वेडिंग, 12 जुलाई को निर्माता सुधन सुंदरम और शर्मिला मांद्रे लेंगे फेरे, साउथ फिल्म इंडस्ट्री की कई हस्तियां होंगी शामिल
शर्मिला मांद्रे और सुधन सुंदरम
राजस्थान एक बार फिर फिल्मी दुनिया की शाही शादी का गवाह बनने जा रहा है। कन्नड़ और दक्षिण भारतीय फिल्म अभिनेत्री शर्मिला मांद्रे 12 जुलाई को जयपुर के सामोद पैलेस में फिल्म निर्माता सुधन सुंदरम के साथ विवाह बंधन में बंधेंगी। शादी के कार्यक्रम दो दिनों तक चलेंगे, जिनमें दक्षिण भारतीय फिल्म जगत की कई चर्चित हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। विवाह समारोह की शुरुआत 11 जुलाई से होगी। इस दौरान हल्दी, मेहंदी और संगीत जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें राजस्थानी शाही मेहमाननवाजी और दक्षिण भारतीय परंपराओं का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। 12 जुलाई की सुबह दक्षिण भारतीय वैदिक रीति-रिवाजों से विवाह संपन्न होगा, जबकि शाम को भव्य रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा। शादी की तैयारियों का जायजा लेने निर्माता सुधन सुंदरम बुधवार को जयपुर पहुंचे थे। वहीं गुरुवार को शर्मिला मांद्रे भी अपने परिवार के साथ जयपुर पहुंचीं और सीधे सामोद पैलेस रवाना हो गईं।
समारोह में फिल्म 'जवान' के निर्देशक एटली के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा अभिनेता विजय सेतुपति के भी शादी में पहुंचने की उम्मीद है। सुधन सुंदरम उनकी चर्चित फिल्म 'महाराजा' के निर्माता रह चुके हैं। गौरतलब है कि शर्मिला मांद्रे और सुधन सुंदरम ने 25 जून को सगाई की थी। अभिनेत्री ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उनकी मुलाकात अभिनेत्री संयुक्ता के माध्यम से हुई थी। दोस्ती से शुरू हुआ यह रिश्ता समय के साथ प्यार में बदल गया और इसी वर्ष मार्च में सुधन ने उन्हें शादी के लिए प्रपोज किया। शर्मिला ने कहा था कि दोस्ती उनके रिश्ते की सबसे बड़ी ताकत है और अपने पसंद के व्यक्ति से शादी करना उनका सपना था, जो अब पूरा होने जा रहा है।