Saturday, 1 August 2026

Home / Bharat /

the-neet-2026-re-exa...

नीट री-एग्जाम कराने में आज सरकार की भी बड़ी परीक्षा

फिर कोई चूक नहीं हो, इसके लिए पुलिस और प्रशासन से आगे बढ़कर अर्द्धसैनिक बलों और एयरफोर्स तक शामिल

News Image

लाखों अभ्यर्थी देंगे नीट

NEET 2026 Re Exam आज 21 जून 2026 को है। NTA ने बड़ी तैयारी की है। 3 मई को नीट के एग्जाम का पर्चा लीक होने के बाद देशभर में इस प्रतिष्ठित परीक्षा और इसका आयोजन कराने वाली एजेंसी समेत देश की सरकार पर बड़े सवाल उठे। आखिर इतनी बड़ी तैयारी के बावजूद लाखों स्टूडेंट्स के साथ कब तक छल होता रहेगा। हालांकि इस बार सरकार ने नीट एग्जाम को एरर लेस करने के लिए कई बड़े कदम उठाए हैं, यहां तक कि पुलिस और प्रशासन से आगे बढ़कर अर्द्धसैनिक बलों और एयरफोर्स तक को शामिल किया है। पेपर की सुरक्षा के बड़े इंतजाम के बीच आज नीट की एग्जाम को लेकर हर तरफ से लोग यहीं उम्मीद कर रहे हैं कि इस बार सब ठीक रहेगा। नीट यूजी 2026 री-एग्जाम भारत के 551 शहरों में स्थित 5,440 परीक्षा केंद्रों और विदेश के 14 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। अंग्रेजी समेत 12 भारतीय भाषाओं में परीक्षा होगी। देशभर से 22 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के परीक्षा में शामिल होने की उम्मीद है। एनटीए के मुताबिक परीक्षा 95 हजार से अधिक कक्षों में आयोजित होगी और सभी परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

1,38,560 सीसीटीवी कैमरे लगाए

कुल 1,38,560 सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जाएगी, जिनकी लाइव फीड राष्ट्रीय, राज्य और मंत्रालय स्तर पर मॉनिटर की जाएगी। इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से नकल रोकने के लिए 51,311 जैमर तैनात किए गए हैं। इनमें 17,054 जैमर ईसीआईएल और 34,257 जैमर बीईएल द्वारा उपलब्ध कराए गए हैं। अभ्यर्थियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। देशभर में 38,795 फ्रिस्किंग कर्मियों और 48,448 बायोमेट्रिक सत्यापन कर्मियों की तैनाती की गई है। बायोमेट्रिक सत्यापन के लिए कर्मियों की संख्या दोगुनी की गई है और फेस ऑथेंटिकेशन की भी व्यवस्था की गई है ताकि जांच प्रक्रिया तेज और पारदर्शी बनी रहे।

हर परीक्षा कक्ष में दो इनविजिलेटर रहेंगे

हर परीक्षा कक्ष में दो इनविजिलेटर मौजूद रहेंगे। इसके अलावा प्रत्येक केंद्र पर 10 से अधिक अतिरिक्त परीक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। सभी 5,440 केंद्रों पर एक-एक सेंटर सिस्टम्स ऑफिसर (CSO) भी नियुक्त किया गया है, जो CCTV निगरानी और तकनीकी समस्याओं का तुरंत समाधान करेगा। एनटीए ने करीब 6,700 ऑब्जर्वर्स को परीक्षा केंद्रों पर तैनात किया है। इनके अलावा 100 से अधिक वर्चुअल ऑब्जर्वर केंद्रीय स्तर पर लाइव सीसीटीवी फीड की निगरानी करेंगे। एजेंसी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण एआई आधारित तकनीक से भी किया जाएगा, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अनियमितता की पहचान तुरंत हो सके।

खबरों की अविरल धारा

हर केंद्र पर 40 से 50 सुरक्षाकर्मी

परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए राज्य सरकारों, जिला प्रशासन, पुलिस, अर्धसैनिक बलों, भारतीय वायुसेना और डाक विभाग को भी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर औसतन 40 से 50 सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। गोपनीय परीक्षा सामग्री रखने वाले लगभग 1500 बैंक शाखाओं में बैंक अधिकारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है, जबकि देशभर के करीब 700 संग्रह केंद्रों से OMR शीट एकत्र करने की जिम्मेदारी डाक विभाग निभाएगा। एनटीए ने बताया कि शनिवार को देशभर में मॉक ड्रिल आयोजित की गई, जिसमें जैमर, सीसीटीवी, बायोमेट्रिक सिस्टम और फ्रिस्किंग व्यवस्था की जांच की गई। सभी केंद्र समन्वयकों ने कस्टोडियन बैंकों में रखी परीक्षा सामग्री की उपलब्धता की भी पुष्टि की।अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, ओआरएस, एंबुलेंस और अभिभावकों के लिए वेटिंग एरिया जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। परीक्षा कक्षों में दीवार घड़ी, अतिरिक्त रफ वर्क पेज और बाएं हाथ से लिखने वाले विद्यार्थियों के लिए विशेष व्यवस्था भी की गई है। प्रवेश प्रक्रिया में लगने वाले अतिरिक्त समय को ध्यान में रखते हुए परीक्षा अवधि भी बढ़ाई गई है।



यह भी पढ़ें

neet ug 2026 परीक्षा रद्द पेपर लीक के चलते केंद्र का बड़ा फैसला

×