monsoon-arrives-in-k...
राजस्थान समेत कई राज्यों में प्री मानसून एक्टिविटी
इस बार तीन दिन देरी से पहुंचा मानसून
देशभर में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। दक्षिण भारत में केरलम से मानसून की एंट्री हो चुकी है और अब यह धीरे-धीरे देश के अन्य हिस्सों की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में मानसून गोवा, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तमिलनाडु के अधिक इलाकों को कवर कर सकता है। वहीं पूर्वोत्तर राज्यों और बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में भी इसकी सक्रियता बढ़ने की संभावना है।
हालांकि इस बार मानसून सामान्य समय से करीब तीन दिन देरी से पहुंचा है। आमतौर पर मानसून 1
जून को केरलम पहुंच जाता है, लेकिन इस बार इसकी रफ्तार थोड़ी धीमी रही। इसके बावजूद मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि आने वाले दिनों में इसकी गति तेज हो सकती है।
राजस्थान-मध्य प्रदेश में प्री-मानसून की दस्तक
मानसून भले ही अभी उत्तर भारत तक नहीं पहुंचा हो, लेकिन प्री-मानसून गतिविधियों ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में तेज आंधी, बारिश और बादलों की आवाजाही देखने को मिल रही है। मौसम विभाग ने राजस्थान के कई इलाकों में बारिश, तेज हवाओं और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना जताई है।
24 राज्यों के लिए अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, ओडिशा, तेलंगाना समेत 24 राज्यों में बारिश, तेज हवाओं और आंधी की संभावना जताई है। पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश और ओलावृष्टि को लेकर विशेष चेतावनी जारी की गई है। दिल्ली में भी अगले दो दिनों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
गर्मी अभी पूरी तरह खत्म नहीं
एक तरफ बारिश की गतिविधियां बढ़ रही हैं, तो दूसरी तरफ देश के कई हिस्से अब भी गर्मी की चपेट में हैं। गुजरात, पश्चिमी राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और तमिलनाडु के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। ऐसे में लोगों को गर्मी और उमस दोनों का सामना करना पड़ रहा है।
कब तक पूरे देश में पहुंचेगा मानसून?
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून अगले डेढ़ महीने में पूरे देश को कवर कर लेगा। इसके बाद सितंबर के मध्य में राजस्थान के रास्ते इसकी वापसी शुरू होगी और अक्टूबर के मध्य तक मानसून पूरी तरह विदा हो जाएगा।
यह भी पढ़ें