abhijit-deepke-makes...
नागपुर प्रदर्शन से पहले दिया बयान, जयपुर घटना में गिरफ्तार हुए 5 आरोपी, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा
जयपुर थप्पड़ कांड
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने जयपुर में हुए हमले को लेकर बड़ा आरोप लगाया है। नागपुर में आयोजित होने वाले प्रदर्शन से पहले उन्होंने दावा किया कि इस घटना में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े लोगों की भूमिका हो सकती है। हालांकि, उनके आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। दीपके अभी नागपुर में है। यहां 4 बजे संविधान चौक पर पार्टी का प्रदर्शन है।
दीपके ने कहा कि सरकार या उसकी विचारधारा के खिलाफ आवाज उठाने वालों के साथ अक्सर ऐसी घटनाएं होती हैं। गौरतलब है कि जयपुर में हाल ही में आयोजित CJP के प्रदर्शन के दौरान कुछ युवकों ने भीड़ के बीच पहुंचकर दीपके के साथ धक्का-मुक्की और थप्पड़बाजी की थी।
घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया था। CJP समर्थकों ने आरोपित युवकों को पकड़ लिया, जिसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले में पांच लोगों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे दीपके के बयानों और पार्टी की गतिविधियों से नाराज थे।
इस बीच, CJP ने शिक्षा व्यवस्था, NEET पेपर लीक और परीक्षा संबंधी मुद्दों को लेकर देशभर में प्रदर्शन जारी रखने की बात कही है। नागपुर में होने वाले प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
जयपुर की घटना के बाद दीपके ने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला बताते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें